धमतरी। दानीटोला इलाके में 4 अक्टूबर की रात एक परिवार पर चाकू, ईंट-पत्थर और रॉड से हमला करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में चार बालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने से पहले पुलिस ने शहर में पैदल जुलूस निकाला। इस दौरान बालिग आरोपियों के सिर मुंडवाए गए और उनके हाथों में अपराध स्वीकार करने तथा भविष्य में अपराध नहीं करने संबंधी तख्तियां दी गईं। जानकारी के मुताबिक, 4 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे दानीटोला क्षेत्र में तालाब में मछली पकड़ने को लेकर हुए विवाद के बाद मामला रंजिश में बदल गया।
आरोप है कि इसी विवाद को लेकर पांच हथियारों से लैस होकर धनिराम साहू के घर पहुंचे और परिवार पर हमला कर दिया। हमले में धनिराम साहू और उनके दो बेटे गंभीर रूप से घायल हुए। आरोपियों ने चाकू, ईंट-पत्थर और लोहे की रॉड से हमला किया। जांच के दौरान पुलिस ने रितेश ध्रुव, राम साहू, गोलू धुरी और टिंकल ध्रुव को गिरफ्तार किया। वारदात में शामिल एक नाबालिग को भी पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों से घटना में इस्तेमाल हथियारों और अन्य सामग्री के संबंध में पूछताछ एवं आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने चारों बालिग आरोपियों को शहर में पैदल जुलूस के रूप में ले जाते हुए न्यायालय में पेश किया।