रामलीला मंचन के दौरान आग लगी, तीन कलाकार झुलसे:धमतरी में दशहरा पर हुआ हादसा,दो कलाकार जिला अस्पताल रेफर,तीसरे का नगरी में इलाज जारी
दशहरा पर छिपली गांव में रावण दहन से पहले हो रहा था रामलीला का मंचन |
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में दशहरा के दिन रामलीला मंचन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नगरी ब्लॉक के छिपली गांव में मंगलवार को मंच पर अचानक आग भड़क उठी। इसकी चपेट में आने से हनुमान, अंगद और वानर सेना का किरदार निभा रहे तीन कलाकार झुलस गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल नगरी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। शुरुआती इलाज के बाद दो कलाकारों को बेहतर इलाज के लिए धमतरी जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि तीसरे का इलाज नगरी में जारी है।
मंच पर स्प्रे के इस्तेमाल के दौरान भड़की आग
जानकारी के मुताबिक, छिपली गांव में मंगलवार को दशहरा पर्व मनाया जा रहा था। रावण दहन से पहले परंपरा के अनुसार रामलीला का मंचन किया जा रहा था। भगवान राम, हनुमान और अन्य पात्रों की भूमिका निभाने वाले कलाकार मंच पर मौजूद थे। इसी दौरान मंच पर स्प्रे का इस्तेमाल किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि तभी अचानक आग भड़क उठी और उसकी चपेट में तीन कलाकार आ गए।
देखते ही देखते मंच पर मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और झुलसे कलाकारों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
हनुमान, अंगद और वानर सेना का किरदार निभा रहे थे कलाकार
हादसे में हनुमान का किरदार निभा रहे तोषण साहू, अंगद की भूमिका निभा रहे हेमंत ध्रुव और वानर सेना का पात्र निभा रहे दीपांशु सोम झुलस गए।
तीनों को नगरी सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां शुरुआती इलाज किया गया। इसके बाद हेमंत ध्रुव और दीपांशु सोम को बेहतर इलाज के लिए धमतरी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दोनों का उपचार जारी है। वहीं, तीसरे घायल तोषण साहू का इलाज स्थानीय स्तर पर किया जा रहा है।
धार्मिक मंचन के दौरान मची अफरा-तफरी
दशहरा उत्सव के दौरान रामलीला मंचन में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। जिस मंच पर कलाकार धार्मिक प्रसंगों का अभिनय कर रहे थे, वहां कुछ ही पलों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल आग लगने के कारणों को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।