छत्तीसगढ़ में अगले 4 दिनों तक दक्षिणी हिस्से में मौसम बदला हुआ रह सकता है। मौसम विभाग ने बालोद, धमतरी, गरियाबंद समेत 10 जिलों में हल्की बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, राजधानी रायपुर में तेज बारिश के आसार नहीं हैं। 18 अक्टूबर को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने और दोपहर या शाम के समय बादल छाने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण छत्तीसगढ़ में नमी पहुंच रही है। इसके असर से प्रदेश के दक्षिणी हिस्से में हल्की बारिश हो सकती है। शनिवार को भी प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश दर्ज की गई।
जशपुर में 3 सेंटीमीटर बारिश
शनिवार को जशपुर जिले के पत्थलगांव और कुनकुरी में 3-3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। बीजापुर जिले के भैरमगढ़ में 1 सेंटीमीटर बारिश हुई। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रहा।
रायपुर में 34 डिग्री तक रहेगा तापमान
रायपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री ज्यादा रहा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 18 अक्टूबर को रायपुर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।