THE MAGARLOD NEWS

जिले में धान खरीदी ने पकड़ी रफ्तार


3, 337 किसानों से 11,434 मीट्रिक टन धान की खरीदी 19 नवंबर के लिए 1,017 किसानों को जारी हुए टोकन 3,769 मीट्रिक टन से अधिक धान खरीदने का लक्ष्य

नवभारत ब्यूरो । धमतरी।

जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य तेजी से जारी है। जिले के सभी उपार्जन केंद्रों में किसानों से धान की खरीदी की जा रही है। अब तक जिले के 3,337 किसानों से कुल 11,434.20 मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया जा चुका है। खरीदी के अगले चरण के लिए 19 नवंबर को जिले के 1,017 किसानों को टोकन जारी किए गए हैं। इन किसानों से कुल 3, 769.45 मीट्रिक टन धान की खरीदी प्रस्तावित है। इससे आने वाले दिनों में खरीदी कार्य में और तेजी आने की संभावना है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पेयजल, छाया, बारदाना और तौल व्यवस्था सहित जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही धान की गुणवत्ता, निर्धारित मापदंडों के अनुसार तौल, अभिलेखों के संधारण और खरीदे गए धान के सुरक्षित रखरखाव पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को उपार्जन केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने और किसानों की समस्याओं का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। किसानों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि और जारी टोकन के अनुसार ही धान लेकर केंद्रों में पहुंचें, ताकि खरीदी व्यवस्था सुचारू बनी रहे। प्रशासन का कहना है कि धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यवस्थित और किसान हितैषी बनाने के लिए सभी जरूरी प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य समय पर मिल सके।

एक टिप्पणी भेजें

यहां टिप्पणी दर्ज करें

और नया पुराने