जल्दी अमीर बनने की चाह में बच्चे की हत्या:किडनी, फेफड़े और आंखें निकालकर बाल्टी में रखे, शव को दफनाया; बेचने की फिराक में था

 


जल्दी अमीर बनने की चाह में बच्चे की हत्या:किडनी, फेफड़े और आंखें निकालकर बाल्टी में रखे, शव को दफनाया; बेचने की फिराक में था


छत्तीसगढ़ के जशपुर में 4-5 साल के मासूम जितेन्द्र राम की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू बच्चे को बहलाकर अपने साथ ले गया। वहां उसे शराब पिलाई। बच्चे के सो जाने पर चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी।

इसके बाद उसके शरीर से किडनी, फेफड़े और आंखें निकालकर प्लास्टिक की बाल्टी में रख दिए। आरोपी ने शव को कंबल और गोधड़ी में लपेटकर बोरी में भरा और खेत में बने पानी से भरे गड्ढे में दफना दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव, चाकू, फावड़ा, बाल्टी में रखे अंग और मोबाइल जब्त किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामला सन्ना थाना क्षेत्र का है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मजदूरी से मिलने वाली रकम से संतुष्ट नहीं था। वह जल्दी और ज्यादा पैसा कमाना चाहता था। इसके लिए सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरीके खोजता रहता था। इसी दौरान उसके मन में बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने का विचार आया, जिसके बाद उसने वारदात को अंजाम दिया।

बच्चे की हत्या कर किडनी, फेफड़े और आंखें निकालीं




किडनी, फेफड़े और आंखें निकालकर बाल्टी में रखे; शव गड्ढे में दफनाया।


आरोपी अंग बेचकर अमीर बनना चाहता था, इसलिए मासूम की हत्या की।

7 नवंबर को लापता हुआ था बच्चा

पुलिस के अनुसार, रामजीत राम ने 7 नवंबर को सन्ना थाने में अपने 4-5 साल के बेटे जितेन्द्र के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रामजीत करीब एक साल पहले परिवार के साथ मजदूरी करने सन्ना आया था। वह आमटचुआ नदी डेम के पास बनी झोपड़ी में रहता था। बासुदेव उर्फ टंगनू का उसके घर आना-जाना था। वह रिश्ते में रामजीत का ममेरा भाई लगता है। टंगनू ही बच्चे को बहलाकर अपने साथ ले गया था।

खेत में गड्ढे में मिली बोरी में बंद लाश

बच्चा घर नहीं लौटा तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान एक व्यक्ति ने बताया कि उसने जितेन्द्र को बासुदेव के साथ खेत में बनी झोपड़ी की ओर जाते देखा था। परिजनों ने आसपास के गांवों और खेतों में तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला।

7 नवंबर की सुबह परिवार फिर बच्चे को खोजने निकला। इस दौरान सन्ना गांव के एक खेत में मक्का बाड़ी की मेड़ के पास पानी से भरे गड्ढे में एक बोरी दिखाई दी। बोरी खोलने पर उसके अंदर कंबल और गोधड़ी में लिपटा बच्चे का शव मिला। शव को मिट्टी से दबाया गया था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सोशल मीडिया पर खोजता था पैसे कमाने के तरीके

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और संदेह के आधार पर बासुदेव उर्फ टंगनू (27) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी करीब एक साल पहले मजदूरी करने सन्ना आया था। वह एक व्यक्ति के खेत में सब्जियां उगाने का काम करता था और वहीं झोपड़ी में रहता था।

ज्यादा पैसा कमाना चाहता था आरोपी

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मजदूरी से मिलने वाली रकम से संतुष्ट नहीं था। वह जल्दी और ज्यादा पैसा कमाना चाहता था। इसके लिए सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरीके खोजता रहता था। इसी दौरान उसके मन में बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने का विचार आया।

शराब और मुर्गा खरीदकर बच्चे को पिलाई शराब

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि वह जितेन्द्र को बहलाकर गुलाम अंसारी के खेत में बनी झोपड़ी में ले गया था। इसके बाद उसे महानदी डेम के पास सौर ऊर्जा प्लेट के नीचे और जंगल की ओर घुमाया। फिर सन्ना खुटाटांगर पहुंचकर शराब और मुर्गा खरीदा।

आरोपी झोपड़ी में लौटा और मुर्गा बनाया। उसने बच्चे को भी शराब पिलाई। बच्चे के नशे में सो जाने के बाद चाकू से उसका गला रेत दिया।

अंग निकालकर बाल्टी में रखे, शव खेत में दबाया

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि हत्या के बाद उसने बच्चे के सीने और पेट को चाकू से काटकर किडनी, फेफड़े और आंख निकाल लिए। इन अंगों को प्लास्टिक की बाल्टी में रखा। इसके बाद शव को कंबल और गोधड़ी में लपेटकर बोरी में भरा और बहादुर के खेत में पानी से भरे गड्ढे में रखकर मिट्टी डाल दी।

आरोपी ने वारदात में इस्तेमाल चाकू, फावड़ा और अंगों से भरी बाल्टी को भी बांस के झुरमुट के पास गड्ढा खोदकर छिपा दिया था।

आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बच्चे का शव, हत्या में इस्तेमाल चाकू, फावड़ा, प्लास्टिक की बाल्टी में रखे अंग और आरोपी का मोबाइल फोन जब्त किया है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू (27), पिता अमृत, निवासी ग्राम चलनी गोर्रापाठ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


एक टिप्पणी भेजें

यहां टिप्पणी दर्ज करें

और नया पुराने