धमतरी में बिना लाइसेंस पटाखे बेचते 2 गिरफ्तार:नगरी-मगरलोड में 1.46 लाख के पटाखे जब्त, बिरेझर में अवैध शराब बेचते युवक भी पकड़ा गया
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में बिना लाइसेंस पटाखे रखने और बेचने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को पकड़ा है। नगरी और मगरलोड में कार्रवाई कर 1 लाख 46 हजार 500 रुपए के पटाखे जब्त किए गए। वहीं, बिरेझर चौकी क्षेत्र में अवैध शराब बेचते एक युवक को भी पकड़ा गया।
धमतरी पुलिस ने त्योहारी सीजन में अवैध कारोबार के खिलाफ तीन थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, पटाखों के भंडारण और शराब बिक्री पर निगरानी रखी जा रही है। तीनों मामलों में विस्फोटक अधिनियम और आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
घर में दुकान चलाकर बेच रहा था पटाखे
नगरी थाना क्षेत्र के ग्राम फरसिया में एक घर से चल रही दुकान में बिना लाइसेंस पटाखे रखने और बेचने की सूचना मिली थी। इस पर निरीक्षक उमेश पाटिल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान उदित नारायण सिन्हा के पास से अलग-अलग कंपनियों के करीब 1 लाख 30 हजार रुपए के पटाखे जब्त किए गए। उनके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की धारा 9(ख) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
बेकरी और किराना दुकान में मिले पटाखे
मगरलोड में भरदा मार्ग स्थित बेकरी भंडार एवं किराना स्टोर पर पुलिस ने कार्रवाई की। यहां भानूप्रताप साहू (36), निवासी वार्ड क्रमांक 3, मगरलोड के पास एक कार्टून में अलग-अलग कंपनियों के पटाखे मिले। इनकी कीमत करीब 16 हजार 500 रुपए बताई गई है। उनके खिलाफ भी विस्फोटक अधिनियम की धारा 9(ख) के तहत कार्रवाई की गई है।
बिरेझर में अवैध शराब बेचते युवक पकड़ा
बिरेझर चौकी क्षेत्र में भी पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई की। यहां एक युवक को शराब बेचते पकड़ा गया। उसके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।