रायगढ़ न्यूज़: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की बड़ी घोषणा – शिक्षा व्यवस्था में सुधार, जल्द होगी शिक्षकों की भर्ती

रायगढ़ न्यूज़: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की बड़ी घोषणा – शिक्षा व्यवस्था में सुधार, जल्द होगी शिक्षकों की भर्ती
the magarlod news 
छत्तीसगढ़ टुडे न्यूज़ 
रायगढ़, छत्तीसगढ़।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायगढ़ में सुशासन तिहार के अवसर पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्य की शिक्षा व्यवस्था को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ में जल्द ही शिक्षकों की भर्ती की जाएगी और इसके लिए प्रस्ताव वित्त विभाग को भेजा जा चुका है। स्वीकृति मिलते ही भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।

शिक्षा व्यवस्था में युक्तियुक्तकरण पर जोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में राज्य के कई विद्यालयों में शिक्षकों की संख्या में भारी असंतुलन है। कुछ स्कूलों में शिक्षक बिल्कुल नहीं हैं, तो कुछ में सिर्फ एक शिक्षक कार्यरत है। वहीं, कुछ विद्यालयों में छात्र कम और शिक्षक अधिक हैं। इस असंतुलन को समाप्त करने के लिए युक्तियुक्तकरण (Rationalization) की प्रक्रिया लागू की जा रही है।

उन्होंने कहा कि एक ही परिसर में संचालित कई स्कूलों को एकीकृत किया जा रहा है, जिससे शिक्षक संसाधनों का अधिकतम उपयोग किया जा सके। इस फैसले से अब शहरी क्षेत्रों में बच्चों को अधिकतम 500 मीटर और ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकतम 1 किलोमीटर दूर ही स्कूल जाना होगा।
भ्रम फैलाने वालों को सीएम का जवाब

मुख्यमंत्री ने उन अफवाहों को खारिज किया जिसमें कहा जा रहा था कि युक्तियुक्तकरण के बाद शिक्षकों की भर्ती नहीं होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह दावा निराधार है और सरकार आगामी वर्षों में हर साल चरणबद्ध तरीके से शिक्षक भर्ती करती रहेगी।

10,000 से अधिक स्कूल होंगे एकीकृत

गौरतलब है कि शिक्षा विभाग ने राज्य की 10,463 शालाओं के युक्तियुक्तकरण का आदेश जारी कर दिया है। इनमें ई-संवर्ग की 5,849 और टी-संवर्ग की 4,614 शालाएं शामिल हैं। यह निर्णय राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के अनुरूप लिया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

यहां टिप्पणी दर्ज करें

और नया पुराने