धमतरी में हादसा: तालाब में डूबने से बुजुर्ग महिला की मौत, घर से 100 मीटर दूर नहाने गई थीं

धमतरी, 8 जून 2025 — छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां नहाने गई एक बुजुर्ग महिला की तालाब में डूबने से मौत हो गई। यह घटना सिहावा थाना क्षेत्र के ग्राम पंडरीपानी की है। मृतका की पहचान 72 वर्षीय जानकीबाई साहू, पत्नी स्वर्गीय पंचम राम साहू के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार जानकीबाई रोज की तरह सुबह अपने घर के पास स्थित तालाब में नहाने गई थीं। तालाब घर से महज 100 मीटर की दूरी पर था। जब काफी समय तक वह वापस नहीं लौटीं, तो परिजनों को चिंता हुई।

जब परिजन तालाब की ओर गए तो वहां किनारे पर महिला के कपड़े मिले। तालाब में झांकने पर उन्होंने देखा कि जानकीबाई का शव पानी में तैर रहा है। यह देख परिवार और गांव में कोहराम मच गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। रिपोर्ट के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

जानकीबाई की इस अचानक मौत से पूरे परिवार में शोक की लहर है और गांव में भी मातम का माहौल बना हुआ है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर इसे दुर्घटनावश डूबना माना जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

यहां टिप्पणी दर्ज करें

और नया पुराने