धमतरी में अड्डेबाजों पर पुलिस का शिकंजा: दो दिन में चाकूबाजी की दो वारदातों के बाद पांच युवक गिरफ्तार

धमतरी, 8 जून 2025 – धमतरी शहर में लगातार बढ़ रही अड्डेबाजी और चाकूबाजी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। कोतवाली थाना क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर दो चाकूबाजी की वारदातों के बाद पुलिस ने सघन अभियान चलाकर देर रात सार्वजनिक स्थलों पर अड्डेबाजी कर रहे युवकों पर शिकंजा कसा।

कोतवाली पुलिस ने शहर के मकेश्वर वार्ड, स्टेशनपारा, मकई चौपाटी, जालमपुर और बिलाईमाता के पीछे के सुनसान इलाकों में गश्त कर पांच युवकों को हिरासत में लिया। पकड़े गए युवकों में हटकेश्वर का कृष्णा नायक उर्फ बिट्टू (26), पंचवटी कॉलोनी अटल आवास से चेतन नेताम (21) और विक्रम देवदास (19), रामसागरपारा रिसाईपारा से रोशन कुमार यादव (18) और जागेश्वर गौतम उर्फ बंटी (20) शामिल हैं।

इन सभी के खिलाफ नवीन आपराधिक संहिता की धारा 170/125, 135 BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, ये युवक लगातार समझाइश के बावजूद असामाजिक गतिविधियों में लिप्त पाए जा रहे थे।

थाना प्रभारी राजेश मरई ने बताया कि शहर में अड्डेबाजी, नशाखोरी और चाकूबाजी करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके ठिकानों पर लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। पकड़े गए युवकों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला गया, जिसमें कुछ पुराने मामले सामने आए हैं।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि देर रात सार्वजनिक स्थलों पर अड्डेबाजी और उपद्रव करने वालों पर अब सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का संदेश साफ है – धमतरी में शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा, और सघन चेकिंग एवं पेट्रोलिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।


---

एक टिप्पणी भेजें

यहां टिप्पणी दर्ज करें

और नया पुराने