कोरबा। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवाजी नगर में एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। यह घटना मत्स्य विभाग के संचालक मनोज कुमार के घर में उस वक्त हुई जब पूरा परिवार गर्मी की छुट्टियों में देहरादून-केदारनाथ यात्रा पर गया हुआ था।
जानकारी के अनुसार, मनोज कुमार वर्तमान में रायपुर में पदस्थ हैं, वहीं उनकी पत्नी सुनीता पैकरा कोरबा में शासकीय शिक्षिका हैं। दोनों का आवास शिवाजी नगर स्थित प्लॉट नंबर 269/10 में है। घर बंद पाकर चोरों ने ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया और अलमारी से कीमती जेवरात, वाहन की चाबी समेत अन्य सामान चुरा लिया।
चोर घर में खड़ी आर्टिका कार (CG 18 3707) और टीवीएस स्कूटी (CG 12 B 2460) भी लेकर फरार हो गए। गुरुवार सुबह जब पड़ोसियों ने घर का टूटा ताला देखा और वाहन नहीं दिखे तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सिविल लाइन थाना पुलिस के साथ-साथ क्राइम एस्कॉर्ट टीम, डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक विशेषज्ञों ने जांच शुरू की।
जांच में यह भी सामने आया कि चोरी के वक्त घर के सीसीटीवी कैमरे बंद थे, जिससे जांच में कुछ तकनीकी अड़चनें आ रही हैं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी में 15 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है, हालांकि चोरी की पूरी जानकारी परिवार के लौटने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है और चोरों की तलाश जारी है।