धमतरी। बुधवार दोपहर नेशनल हाईवे-30 पर पुरूर थाना क्षेत्र के ग्राम चिटौद के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पहले जिला अस्पताल धमतरी और फिर रायपुर रिफर किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, कांकेर जिले के चारामा थाना क्षेत्र के ग्राम पुरी निवासी कोमलचंद साहू अपनी पत्नी नेमलता साहू का इलाज कराने के लिए धमतरी आ रहा था। दोनों पति-पत्नी बाइक (क्रमांक CG07-LK-8875) में सवार होकर धमतरी की ओर बढ़ रहे थे। करीब दोपहर 1:50 बजे ग्राम चिटौद के पास सामने से आ रही एक तेज़ रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक बस्ती की ओर मुड़ गई, जिससे बाइक सवार सीधे ट्रैक्टर से टकरा गया।
हादसे में नेमलता साहू को सिर, चेहरा और सीने में गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं, कोमलचंद साहू को सिर, सीना और जांघ में गंभीर चोटें आईं। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल को रक्तदान एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी हालत गंभीर देखते हुए रायपुर रिफर किया गया।