नशे में धुत कार चालक ने विंध्यवासिनी मंदिर के पास मचाया उत्पात, धमतरी पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई

📍 धमतरी | 8 जून 2025
विंध्यवासिनी मंदिर के पास शनिवार रात्रि को एक कार चालक ने नशे की हालत में वाहन चलाते हुए रोड किनारे लगे ठेले और खड़ी गाड़ियों को टक्कर मार दी। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की सूचना मिलते ही धमतरी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात्रि करीब 10 बजे, प्रेमचंद देवांगन पिता ओमप्रकाश देवांगन (उम्र 25 वर्ष), निवासी कोष्टापारा, धमतरी, ने नीले रंग की टाटा टिगोर (वाहन क्रमांक CG05AJ5336) को नशे की हालत में चलाते हुए सड़क किनारे लगे ठेले एवं अन्य वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया।

वाहन की मालिकियत कैलाश बक्तानी, निवासी ब्राह्मणपारा, धमतरी के नाम पर पंजीकृत है।

पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा

घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। चालक को हिरासत में लेकर उसका चिकित्सकीय परीक्षण (मुलाहिजा) कराया गया, जिसमें शराब पीकर वाहन चलाने की पुष्टि हुई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185, एवं शांति भंग करने पर प्रतिबंधक धारा 170/125, 135 BNSS के तहत विधिवत कार्रवाई करते हुए आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।

चोटिल होने की खबर नहीं

फिलहाल इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना प्राप्त नहीं हुई है। यदि आगे कोई शिकायत आती है, तो पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।


एक टिप्पणी भेजें

यहां टिप्पणी दर्ज करें

और नया पुराने