नवनिर्मित प्रवेश द्वार से टकराया हाईवा ड्राइवर ने थाने पहुंचकर दी जानकारी

praveen kumar 
नवापारा में बीती रात भीषण सड़क हादसा हो गया। दरअसल, तेज रफ्तार हाइवा अनियंत्रित होकर नवनिर्मित प्रवेश द्वार से जा टकराया। इस हादसे में प्रवेश द्वार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। घटना रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है। घटना गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार नवापारा के कबीर आश्रम के पास छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड का प्रवेश द्वार का बोर्ड लगा हुआ था। ये जगह वैसे भी कुछ संकरी है और इस प्रकार के बोर्ड के अनुकूल भी नहीं है। मंडी द्वारा उक्त कार्य का किसी भी प्रकार का सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया कि उक्त कार्य किस मद से स्वीकृत है ? लागत कितनी है ? एजेंसी कौन है ? क्या अनापत्ति ली गई थी ? इस कार्य को गुपचुप तरीके से करवाए जाने के पीछे हुए भ्रष्टाचार से इनकार नहीं किया जा सकता। इसे लगे हुए कुछ दिन ही हुए थे कि मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात तेज रफ्तार हाइवा ने प्रवेश द्वार के डिवाइडर में लगे पोल को टक्कर मार दी।
जिससे पोल बेस सहित उखड़ गया और बोर्ड गिर गया जिसके कारण यातायात बाधित भी हुआ। ट्रक चालक गिरधर वर्मा ने बताया कि वह वाहन में रेत लोड कराने समीपस्थ ग्राम परेवाडीह जा रहा था। इस दौरान सामने से तेज रोशनी आने के कारण उसका नियंत्रण खो गया। हाइवा डिवाइडर पर चढ़ गया और प्रवेश द्वार के पोल से जा टकराया। हादसे में प्रवेश द्वार का बोर्ड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद चालक खुद थाने पहुंचा और घटना की जानकारी दी।
आपको बता दें कि घटनास्थल से थाने की दूरी महज 200 मीटर होगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। घटना में चालक गिरधर को मामूली चोटें आईं हैं। उसे प्राथमिक उपचार दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

यहां टिप्पणी दर्ज करें

और नया पुराने