राजिम में पत्रकारों पर हमला: अवैध रेत उत्खनन की कवरेज करने गए पत्रकारों को माफियाओं ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, हवाई फायरिंग से फैला डर

गरियाबंद, छत्तीसगढ़ | 9 जून 2025

गरियाबंद जिले के राजिम थाना क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन की रिपोर्टिंग करने पहुंचे पत्रकारों पर रेत माफियाओं ने जानलेवा हमला कर दिया। पितईबंद गांव में कवरेज के दौरान माफियाओं ने न सिर्फ पत्रकारों से मारपीट की, बल्कि उनका कैमरा और पहचान पत्र भी छीन लिया। हालात इतने बिगड़ गए कि पत्रकारों को जान बचाकर भागना पड़ा। इस दौरान माफिया ने हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दी।

क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, सोमवार को पत्रकारों की एक टीम पितईबंद गांव के रेत घाट में अवैध उत्खनन की जानकारी मिलने पर कवरेज के लिए पहुंची थी। वहां मौजूद अवैध परिवहन में लगे वाहनों को पत्रकारों ने रोका और तत्काल जिला खनिज अधिकारी को सूचना दी। माइनिंग विभाग को खबर लगते ही रेत माफियाओं के करीब 7-8 गुर्गे मौके पर आ पहुंचे और पत्रकारों से बहस शुरू कर दी, जो देखते ही देखते हिंसा में बदल गई।

हवाई फायरिंग और जानलेवा हमला
माफियाओं ने पत्रकारों का पीछा कर उनकी पिटाई की और हवाई फायरिंग की। पत्रकारों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई और प्रशासन को घटना की सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर बी.के. सिंह ने राजिम एसडीएम विशाल महाराणा को मौके पर रवाना किया। राजिम थाना प्रभारी अमृतलाल साहू भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एडिशनल एसपी जितेंद्र चंद्राकर ने बताया कि पुलिस तत्काल कार्रवाई में जुट गई है।
पत्रकारों का आक्रोश, धरना प्रदर्शन शुरू
घटना से आक्रोशित पत्रकारों ने राजिम के पंडित सुंदरलाल शर्मा चौक पर धरना शुरू कर दिया। राजिम, नवापारा, गरियाबंद, कोपरा, फिंगेश्वर, छुरा सहित विभिन्न क्षेत्रों से पत्रकारों ने थाने पहुंचकर विरोध जताया। धरना स्थल पर पत्रकार पुलिस और खनिज विभाग के अधिकारियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर रहे हैं। धरना प्रदर्शन तीन घंटे से अधिक समय से जारी है।

क्या हैं पत्रकारों की मांगें?
प्रदर्शन कर रहे पत्रकारों ने मांग की है कि:

सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी हो।

आरोपियों का जुलूस नगर में निकाला जाए ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

खनिज अधिकारी को तत्काल पद से हटाया जाए।

गरियाबंद कलेक्टर मौके पर आकर स्थिति का जायजा लें।


प्रशासन की प्रतिक्रिया
राजिम थाना प्रभारी अमृतलाल साहू ने बताया कि अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और मामले में आगे की जांच और कार्रवाई की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

यहां टिप्पणी दर्ज करें

और नया पुराने