धमतरी: कुरूद , लव जिहाद और धर्मांतरण के विरोध में हिंदू समाज ने निकाली आक्रोश रैली, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

धमतरी, 9 जून:
धमतरी जिले के कुरूद नगर में सोमवार को लव जिहाद और धर्मांतरण के विरोध में हिंदू समाज संघर्ष समिति के आह्वान पर बंद और आक्रोश रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान नगर की दुकानों को प्रतीकात्मक रूप से दो घंटे के लिए बंद रखा गया, जिसके पश्चात शहर में रैली निकाली गई और जनजागरण सभा का आयोजन हुआ।
रैली की शुरुआत नया बस स्टैंड से हुई जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुराना बाजार चौक पहुंची। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने लव जिहाद और धर्मांतरण के खिलाफ नारेबाजी की। पुराना बाजार चौक में जनजागरण सभा का आयोजन किया गया जिसमें कई सामाजिक व धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने विचार रखे।
सभा को संबोधित करते हुए बेमेतरा के सलधा आश्रम से पधारे धर्मगुरु ज्योर्तिरमयानंद सरस्वती जी ने कहा कि आज के समय में सनातन धर्म की रक्षा हेतु समाज को जागरूक होने की आवश्यकता है। उन्होंने धर्मांतरण और लव जिहाद को समाज के लिए गंभीर खतरा बताया और इसे रोकने के लिए संगठित प्रयास की अपील की।
साहू समाज के जिलाध्यक्ष अवनेंद्र साहू ने अपने वक्तव्य में कहा कि विशेष समुदाय द्वारा सुनियोजित ढंग से हिंदू समाज की बेटियों को फंसाकर धर्मांतरण कराया जा रहा है। उन्होंने गांव-गांव में फैल रहे धर्मांतरण को रोकने के लिए एकजुट प्रयास की आवश्यकता जताई।
सभा में दिलीप राज सोनी, डॉ. सुशीला साहू, शकुंतला दास समेत कई वक्ताओं ने लव जिहाद व धर्मांतरण के मुद्दे पर चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से ठोस कार्रवाई की मांग की। कार्यक्रम के अंत में अपर कलेक्टर पवन कुमार प्रेमी को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया जिसमें धर्मांतरण और लव जिहाद रोकने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई।
समिति ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक व उग्र रूप दिया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

रैली और सभा में हिंदू समाज संघर्ष समिति के रामचंद देवांगन, योगेश गांधी, पोषण साहू, विधायक प्रतिनिधि भानु चन्द्राकर, जनपद अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

यहां टिप्पणी दर्ज करें

और नया पुराने