छत्तीसगढ़ टुडे न्यूज🟥 बेटे ने पिता की बेरहमी से की हत्या – तीर से किया हमला, फिर टंगिया से काटा गला

कबीरधाम, 5 जून 2025।
जिले के पांडातराई थाना क्षेत्र से एक रौंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 19 वर्षीय युवक ने अपने पिता की हत्या कर दी। पहले तीर-धनुष से हमला कर घायल किया, फिर टंगिया से गला काट डाला।
घटना ग्राम बगबुड़ा (महली) की है। 3 जून को घर के एक कमरे में 40 वर्षीय रामगुलाल मरावी का शव खून से लथपथ मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। शव के गले पर धारदार हथियार से हमले के निशान मिले, वहीं आंगन में खून से सना टंगिया भी बरामद हुआ।

❗ विवाद में बेटे ने की पिता की हत्या
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक रामगुलाल का अपने बेटे लवकेश उर्फ गजरू (19) से झगड़ा हुआ था। पूछताछ में लवकेश ने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने पहले तीर मारा, फिर टंगिया से वार कर अपने पिता की जान ले ली। आरोपी के अनुसार, उसके पिता की हरकतों से पूरा परिवार त्रस्त था। आए दिन विवाद और मारपीट होती रहती थी।

🔍 मृतक की थीं तीन शादियां

जानकारी के अनुसार, रामगुलाल ने तीन शादियां की थीं। लवकेश उसकी पहली पत्नी का बेटा है। दूसरी पत्नी के रहते हुए उसने तीसरी शादी भी कर ली थी। परिजनों के मुताबिक, घटना के 6 दिन पहले सभी पत्नियां उसे छोड़कर चली गई थीं। आरोपी बेटे को भी वह मारता-पीटता था, जिससे विवाद और गहरा गया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

एक टिप्पणी भेजें

यहां टिप्पणी दर्ज करें

और नया पुराने