धमतरी में महिला प्रोफेसर ने की आत्महत्या: सुसाइड नोट में माता-पिता से मांगी माफी, शादी को लेकर बताई जा रही थी परेशान

धमतरी, छत्तीसगढ़।
धमतरी जिले के रुद्री थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। नारायण राव मेघा वाले कन्या महाविद्यालय की केमिस्ट्री की अतिथि प्रोफेसर सुषमा साहू ने आत्महत्या कर ली। उनका शव धमतरी के कैलाशपति नगर स्थित किराए के मकान में फांसी के फंदे से लटका मिला। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें उन्होंने माता-पिता से माफी मांगते हुए लिखा -
"मम्मी-पापा सॉरी, मुझे माफ करना। मैं अपनी मर्जी से सुसाइड कर रही हूं।"

क्या हुआ था उस दिन?

31 वर्षीय सुषमा साहू मूल रूप से रायपुर की रहने वाली थीं और धमतरी के कैलाशपति नगर में पिछले कुछ सालों से किराए के मकान में अकेली रह रही थीं। 16 मई को वे गर्मी की छुट्टियों के लिए रायपुर गई थीं और 13 जून को अचानक वापस लौटीं। शाम तक जब उनके घर से कोई हलचल नहीं हुई तो पड़ोसियों को शक हुआ। कई बार दरवाजा खटखटाने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, केवल कूलर की आवाज आ रही थी।

स्थानीय लोगों ने सुषमा के पिता नारायण लाल साहू को सूचना दी। उन्होंने एक परिचित को मौके पर भेजा, जिसके बाद दरवाजा तोड़कर अंदर घुसा गया। कमरे में सुषमा फांसी के फंदे पर लटकी मिलीं।
पुलिस को मिला सुसाइड नोट

घटना की जानकारी मिलने पर रुद्री थाना प्रभारी अमित सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कमरे की तलाशी में एक सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें सुषमा ने लिखा कि वह अपनी मर्जी से आत्महत्या कर रही हैं और अपने माता-पिता से माफी मांगी है।

एफएसएल की टीम को बुलाकर मौके की जांच कराई गई। देर शाम होने के कारण शव को उसी दिन पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजा जा सका। 14 जून को शव को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।

प्राथमिक जांच में पुलिस को पता चला है कि सुषमा शादी को लेकर कुछ समय से मानसिक तनाव में थीं। रुद्री थाना प्रभारी ने बताया कि वह अकेली रहती थीं और किसी से ज्यादा बातचीत नहीं करती थीं। हालांकि कॉलेज में उनका व्यवहार अच्छा था और वे पढ़ाई में भी काफी दक्ष थीं।

कॉलेज स्टाफ और छात्राओं के अनुसार, सुषमा व्यवहारिक, समझदार और इंटेलिजेंट थीं। उनके पढ़ाने के तरीके को छात्राएं काफी पसंद करती थीं।
प्रशासनिक अधिकारी हैं प्रोफेसर के पिता

सुषमा के पिता नारायण लाल साहू छत्तीसगढ़ प्रशासन में तहसीलदार पद पर पदस्थ हैं। वे पहले धमतरी जिले में नायब तहसीलदार रह चुके हैं और वर्तमान में अभनपुर में कार्यरत हैं।

जांच जारी

पुलिस ने सुसाइड नोट को जब्त कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है। अभी तक आत्महत्या के पीछे कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है, लेकिन परिजनों और सहकर्मियों से पूछताछ जारी है।

एक टिप्पणी भेजें

यहां टिप्पणी दर्ज करें

और नया पुराने