नगरी (छत्तीसगढ़), 12 जून 2025: नगरी थाना क्षेत्र के कोटपारा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने मामूली विवाद और पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते गुस्से में आकर लोहे के हसिया से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिसे नगरी पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
मामले का संक्षिप्त विवरण:
नगरी थाना अंतर्गत अप.क्र. 26/25 धारा 103 बीएनएस के तहत दर्ज इस अपराध की शुरुआत 10 जून 2025 को सुबह हुई। आरोपी धनेश्वर पटेल (उम्र 26 वर्ष), निवासी कोटपारा, सुबह इलाज करवाकर घर लौटा था। करीब 11 बजे आरोपी की पत्नी मीनाक्षी पटेल ने उसे काम पर जाने की बात कही, जिस पर दोनों के बीच विवाद हुआ। पहले से ही पत्नी के चरित्र पर शंका करने वाला आरोपी इस विवाद के दौरान आपा खो बैठा और घर में रखे लोहे के हसिया से मीनाक्षी के गले पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। नगरी थाना प्रभारी शरद ताम्रकार के नेतृत्व में तत्काल जांच शुरू की गई। घटनास्थल पर शव पंचनामा कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। गवाहों के बयान और सबूतों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और बस स्टैंड नगरी में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी भागने की फिराक में था।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की और उसके कथन पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का हसिया बरामद किया गया। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जांच टीम में शामिल अधिकारी:
इस पूरे मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक शरद ताम्रकार, उप निरीक्षक इंदल साहू, सहायक उप निरीक्षक तानसिंह साहू एवं श्रीराम पटेल, प्रधान आरक्षक जीवन ध्रुव, आरक्षक योगेश साहू, योगेन्द्र साहू, सुशील यादव तथा म.आर. गंगा मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।