धमतरी, छत्तीसगढ़। जिले में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बोलेरो वाहन ओवरटेक करने के चक्कर में सामने जा रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में बोलेरो में सवार दो युवक घायल हो गए। दुर्घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र के संबलपुर-बोड़रा मोड़ के पास हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोलेरो ने तेज गति से ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन अनियंत्रित होकर ट्रक (CG08 L 0579) से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो ट्रक में ही फंस गई और उसका अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घायलों की पहचान राहुल नेताम (20) और छत्रपाल ध्रुव (24) के रूप में हुई है, जो दोनों मगरलोड के ग्राम मोहन्दी के निवासी हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और रक्तदान सेवा समिति की एम्बुलेंस से दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी है। ट्रक को हटाने के बाद भी बोलेरो को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, क्योंकि वह बुरी तरह ट्रक में फंसी हुई थी। पुलिस ने फिलहाल दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही से किया गया ओवरटेक माना जा रहा है।
> सड़क सुरक्षा विशेषज्ञों की अपील: तेज रफ्तार और गलत तरीके से ओवरटेक करने से जानलेवा हादसे हो सकते हैं। सभी वाहन चालकों से अपील है कि यातायात नियमों का पालन करें और सतर्कता बरतें।