बारिश से गंगरेल समेत चारों बांधों में पानी की आवक

कैचमेंट एरिया में रुक-रुककर हो रही बारिश से जिले के चारों प्रमुख बांधों में पानी की आवक शुरू हो चुकी है। हालांकि, यह आवक अभी मामूली है। मंगलवार को गंगरेल बांध में 711 क्यूसेक पानी की आवक दर्ज की गई। मुरूमसिल्ली बांध में 1458 क्यूसेक, सोंदूर में 326 क्यूसेक और दुधावा में 169 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है।

धमतरी जिले में मानसून अब सक्रिय हो चुका है। लंबे समय बाद मानसून की वापसी से जिले में कहीं-कहीं रुक-रुककर बारिश हो रही है। बीते 24 घंटे में नगरी तहसील में सबसे ज्यादा 45.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। बेलरगांव में 27.5 मिमी और कुकरेल में 19 मिमी बारिश हुई। बारिश का पानी धीरे-धीरे बांधों तक पहुंच रहा है। गंगरेल बांध की कुल क्षमता 32.150 टीएमसी है। इसमें मंगलवार को 12.786 टीएमसी जलभराव था। भारी बारिश की संभावना मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि झारखंड और आसपास के क्षेत्र में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना है।

इसके साथ ऊपरी हवा में चक्रीय चक्रवात 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला है। यह धीरे-धीरे पश्चिम उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए झारखंड की ओर जा सकता है। मानसून द्रोणिका समुद्र तल पर श्रीगंगानगर, रोहतक, कानपुर, वाराणसी, झारखंड में बने निम्न दबाव के केंद्र, दीघा और फिर दक्षिण-पूर्व की ओर पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक फैली है। एक और द्रोणिका उत्तर-पश्चिम उत्तरप्रदेश से झारखंड में बने निम्न दबाव के केंद्र तक 1.5 से 3.1 किलोमीटर ऊंचाई तक फैली हुई है। प्रदेश में 2 जुलाई को अधिकतर स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं।

कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश की भी संभावना है। जिले में अब तक 131.9 मिमी औसत बारिश धमतरी जिले में मंगलवार को औसतन 17.3 मिमी बारिश हुई। 1 जून से अब तक जिले में औसत 131.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है। नगरी में अब तक सबसे ज्यादा 184.7 मिमी बारिश हुई है। धमतरी में 175.6 मिमी, बेलरगांव में 152.5 मिमी, भखारा में 132 मिमी, कुकरेल में 125 मिमी, कुरूद में 83.9 मिमी और मगरलोड में 69.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

एक टिप्पणी भेजें

यहां टिप्पणी दर्ज करें

और नया पुराने