पिछले कई दिनों से धमतरी जिले के जंगलों में विचरण कर रहा चंदा दल का मखना हाथी मगरलोड के उत्तर सिंगपुर रेंज में पहुंच गया है। शनिवार को हाथी को ग्राम तेंदुभाठा के जंगल में देखा गया। हालांकि हाथी ने अभी किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया है, लेकिन इसके बाद भी लोगों में दहशत का माहौल है। गौरतलब है कि चंदा हाथी दल से बिछड़े मखना हाथी ने करीब डेढ़ माह पहले धमतरी जिले के जंगल में प्रवेश किया था. जिसके बाद यह अलग अलग वन परिक्षेत्र में विचरण कर रहा है। जंगल को छोड़कर यह हाथी भखारा व कुरुद क्षेत्र के मैदानी इलाके में भी पहुंच गया था, लेकिन एक दिन बाद ही वह फिर से फेरेगांव रेंज के जंगल में पहुंच गया। कुछ दिनों पहले इसी मखना हाथी ने लीलर के एक युवक को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया था,
जिसके बाद क्षेत्र के लोग काफी दहशत में थे। अब यह हाथी वापस मगरलोड के उत्तर सिंगपुर वन परिक्षेत्र में पहुंच गया है। शनिवार की शाम हाथी को ग्राम तेन्दुभाठा के जंगल में कक्ष क्रमांक 50 में विचरण करते देखा गया। फिलहाल इस क्षेत्र में फसल या जनहानि समेत किसी भी तरह का नुकसान हाथी ने नहीं पहुंचाया है, लेकिन हाथी की मौजूदगी को लेकर क्षेत्र के लोगों में काफी दहशत है। वन विभाग की टीम हाथी की निगरानी में जुटी हुई है साथ ही ग्राम बनियातोरा, बुढ़ागांच, महेली, चकोरी, चारभांठा, सोनपैरी, मगरलोड व तेन्दुभाठा में अलर्ट जारी कर ग्रामीणों को सतर्क रहने कहा गया है।
Tags
छत्तीसगढ़