धमतरी, 30 जुलाई 2025। नगरी विकासखंड के शासकीय ज्ञान ज्योति विद्यालय कोटाभरी में पढ़ने वाली कक्षा दूसरी की छात्रा नंदकुमारी कमार (उम्र 8 वर्ष), छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। यह घटना 28 जुलाई की शाम लगभग 4 बजे की है, जब बच्ची स्कूल की छत पर चढ़ गई थी। वह एक अन्य जुड़ी हुई छत की ओर जा रही थी, तभी अचानक उसका पैर फिसला और वह नीचे गिर गई। गिरने से उसके हाथ में फ्रैक्चर और अन्य चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही बच्ची को तत्काल नगरी के शासकीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए लाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उसी रात धमतरी जिला अस्पताल रेफर किया गया। एम्बुलेंस सेवा में हुई देरी को समाजसेवियों और स्थानीय प्रतिनिधियों की सहायता से दूर किया गया।
कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल बेहतर इलाज के निर्देश दिए। जिला शिक्षा अधिकारी और नगरी विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए बच्ची के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराई।
कलेक्टर मिश्रा ने घटना पर संवेदनशीलता दिखाते हुए शिक्षा विभाग को स्कूल परिसरों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूल समय के बाद किसी भी बच्चे को परिसर में अकेला न छोड़ा जाए, और स्कूल भवन, छतों व अन्य संरचनाओं की नियमित निगरानी की जाए।
इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीण एवं विशेष जनजातीय वर्ग के बच्चों के हित में एम्बुलेंस व संचार सेवाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए, ताकि आपात स्थिति में चिकित्सा सहायता समय पर मिल सके।
Tags
धमतरी