अंबिकापुर। शहर में आगामी गरबा उत्सव को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। स्थानीय हिन्दू संगठनों ने आयोजन में आमंत्रित किए गए सेलिब्रिटी एल्विश यादव और अंजलि अरोड़ा का जमकर विरोध किया। कार्यकर्ताओं ने इन दोनों के पोस्टर और तस्वीरों को आग के हवाले कर अपना गुस्सा जाहिर किया।
गरबा में सेलिब्रिटी बुलाने पर नाराजगी
जानकारी के अनुसार, गरबा आयोजन समिति द्वारा एल्विश यादव और अंजलि अरोड़ा को आमंत्रित किए जाने की खबर सामने आते ही हिन्दू संगठनों ने आपत्ति दर्ज कराई। उनका कहना है कि ऐसे लोगों को धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल करना परंपराओं का अपमान है।
शहर के प्रमुख चौक पर प्रदर्शन
प्रदर्शनकारियों ने घड़ी चौक सहित शहर के कई स्थानों पर विरोध जताया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पोस्टर जलाए और जोरदार नारेबाजी की। संगठन के सदस्यों ने मांग की कि आयोजक तुरंत इन दोनों कलाकारों को कार्यक्रम से बाहर करें।
आयोजकों पर दबाव
प्रदर्शनकारी संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो वे गरबा उत्सव के दौरान उग्र आंदोलन करेंगे।