मगरलोड में मानवता शर्मसार: सड़क किनारे धमेले में मिला नवजात शिशु, पुलिस कर रही जांच


मगरलोड। समाज को झकझोर देने वाली एक अमानवीय घटना मगरलोड क्षेत्र से सामने आई है। बड़ी करेली चौकी अंतर्गत भेंड्री मार्ग पर सोमवार सुबह खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों को सड़क किनारे रखे लाल रंग के धमेले से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। जब ग्रामीणों ने धमेले को खोला तो उसमें एक नवजात शिशु पड़ा हुआ मिला।

ग्रामीणों ने तुरंत गाँव की मितानिन को सूचना दी। मितानिन मौके पर पहुंची और शिशु की स्थिति की जांच की। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग और पुलिस को खबर दी गई। पुलिस ने तुरंत नवजात को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहाँ से उसे जिला अस्पताल के SNCU (Special Newborn Care Unit) में रेफर किया गया। डॉक्टरों ने बताया कि शिशु की हालत अभी स्थिर है और चिकित्सकों की टीम लगातार उसकी देखरेख कर रही है।
इस घटना को लेकर क्षेत्र में गहरा आक्रोश है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हाल ही में हुए प्रसव की जानकारी भी अस्पतालों से जुटाई जा रही है।

स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने इस कृत्य की कड़ी निंदा की है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, कई लोग नवजात को गोद लेने की इच्छा भी जता रहे हैं।
👉 राहत की बात यह है कि शिशु पूरी तरह सुरक्षित है। लेकिन यह घटना समाज और संवेदनशीलता पर बड़ा सवाल खड़ा करती है। अब देखना होगा कि पुलिस जल्द ही दोषियों तक पहुँच पाती है या नहीं।

एक टिप्पणी भेजें

यहां टिप्पणी दर्ज करें

और नया पुराने