धमतरी। नगरी ब्लॉक के ग्राम बेलरगांव में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। खेत में लगे फेंसिंग तार में करंट दौड़ने से 32 वर्षीय महिला हेमलता पटेल पति ख़िरबान पटेल की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में मातम का माहौल है।
ऐसे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खेत में बोर चलाने के लिए बिजली केबल का उपयोग किया गया था। यह केबल गलती से फेंसिंग तार से सट गया, जिससे पूरा तार करंट से भर गया और हादसा घटित हो गया।
नहीं लौटी घर, अगले दिन मिला शव
ग्रामीणों के मुताबिक, मृतिका हेमलता पटेल बेलरगांव स्थित यूनिक स्कूल में सफाईकर्मी का काम करती थीं। 25 सितंबर की सुबह करीब 9:30 बजे वह घर से स्कूल जाने के लिए निकलीं, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटीं। परिजन जब स्कूल पहुंचे तो पता चला कि वह वहां पहुंची ही नहीं थीं।
| मृतिका (हेमलता पटेल ) |
अगले दिन सुबह लगभग 10 बजे पास के खेत में महिला का शव फेंसिंग तार में चिपका हुआ मिला। खेत पर काम कर रहे ग्रामीणों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। इसके बाद सिहावा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सुरक्षित बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
गांव में गुस्सा और मातम
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। ग्रामीण बिजली व्यवस्था और लापरवाही पर गहरी नाराज़गी जता रहे हैं। वहीं, परिवार गहरे सदमे में है और गांव में शोक का माहौल छा गया है।
Tags
नगरी