“नवरात्रि पर मोदी सरकार का तोहफा: सस्ती हुई रोटी-पनीर से लेकर कार-टीवी तक, छत्तीसगढ़ में बीजेपी मना रही ‘GST उत्सव’” देखे पूरी ख़बर

रायपुर। नवरात्रि की शुरुआत के साथ ही केंद्र सरकार की नई जीएसटी दरें देशभर में लागू हो गई हैं। मोदी सरकार द्वारा घोषित GST 2.0 रेट कट को लेकर आम जनता और कारोबारियों में राहत की लहर है। नई टैक्स व्यवस्था के तहत 0%, 5%, 18% और 40% की स्लैब बनाई गई है।

आम जनता को राहत

सरकार ने रोटी, पराठा, पनीर, खाखरा जैसे रोजमर्रा के खान-पान के सामान को शून्य प्रतिशत टैक्स स्लैब में शामिल किया है। इतना ही नहीं, स्वास्थ्य और जीवन बीमा प्रीमियम को भी जीएसटी से बाहर रखा गया है। वहीं, कार, टीवी और बाइक जैसे कई उत्पादों पर टैक्स कम कर दिया गया है, जिससे कीमतों में गिरावट आने की संभावना है। सरकार का दावा है कि इससे जहां उपभोक्ताओं का खर्च घटेगा, वहीं कारोबारियों की बिक्री भी बढ़ेगी।

छत्तीसगढ़ में बीजेपी का ‘GST उत्सव’

नई दरों के लागू होते ही छत्तीसगढ़ बीजेपी ने इसे बड़े अभियान में बदलने की तैयारी कर ली है। पार्टी ने इस पहल को ‘GST उत्सव’ का नाम दिया है। इसके तहत मंत्री, विधायक और पार्टी पदाधिकारी जनता तक जाकर और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रचार कर नई दरों के फायदे गिनाएंगे।

राज्य के मंत्री ओपी चौधरी ने कहा – “प्रधानमंत्री ने देश की जनता को बड़ी राहत दी है। कारोबारियों को चाहिए कि जिन वस्तुओं पर दाम घटे हैं, उसका सीधा लाभ उपभोक्ताओं को दें।”

90 विधानसभा क्षेत्रों में सम्मेलन

बीजेपी ने प्रचार अभियान के लिए विस्तृत रोडमैप तैयार किया है। प्रदेश के 90 विधानसभा क्षेत्रों में प्रबुद्धजन सम्मेलन होंगे। साथ ही जिला और राज्य स्तर पर समितियां गठित की गई हैं, जिनमें सांसद और विधायक शामिल होंगे। ये समितियां न केवल जमीनी स्तर पर बल्कि डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर भी इस अभियान की मॉनिटरिंग करेंगी।

पार्टी का दावा

बीजेपी नेताओं का कहना है कि नई जीएसटी दरें गरीब, मध्यम वर्ग और कारोबारियों सभी को राहत देने वाली हैं। कार्यकर्ता जनता को समझाएंगे कि किस तरह यह बदलाव रोजमर्रा के खर्चों को घटाएगा और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा।

एक टिप्पणी भेजें

यहां टिप्पणी दर्ज करें

और नया पुराने