चक्रवाती तूफान ‘मोन्था’ का छत्तीसगढ़ पर असर, रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी
रायपुर: चक्रवाती तूफान ‘मोन्था’ के कारण छत्तीसगढ़ के मौसम में बड़ा बदलाव आने वाला है। यह तूफान 27 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकराएगा, जिसके बाद इसका असर 28 से 30 अक्टूबर तक प्रदेश में दिखाई देगा।
रेड अलर्ट – बस्तर संभाग में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर और बस्तर जिलों में भारी बारिश और 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएँ चलने की संभावना है। 28 और 29 अक्टूबर को यहाँ 200 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की जा सकती है, जिसके चलते रेड अलर्ट जारी किया गया है।
तीन दिनों तक रहेगा असर
चक्रवाती तूफान ‘मोन्था’ का असर छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में तीन दिनों तक देखने को मिलेगा। 27 से 29 अक्टूबर तक दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में तेज आंधी और भारी बारिश होने की आशंका है।
मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट
29 अक्टूबर को रायपुर, बिलासपुर, सरगुजा समेत कई जिलों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 30 अक्टूबर को उत्तर छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मोन्था की वर्तमान स्थिति
वर्तमान में ‘मोन्था’ साउथ वेस्ट बे ऑफ बंगाल में बना हुआ है और अगले 24 घंटों में यह Cyclonic Storm का रूप ले सकता है। इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने के कारण छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती और दक्षिणी इलाकों में इसका असर दिखेगा।
सावधानी: मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि तेज बारिश और हवाओं के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें।
