धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शुक्रवार (3 अक्टूबर) को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। महानदी के बीच स्थित एक टापू पर कबीर मंदिर का पुजारी अचानक आई बाढ़ के कारण फंस गया। करीब 65 वर्षीय पुजारी इतवारी राम कश्यप सुबह नवीन जोरातराई गांव के पास मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे। इसी दौरान महानदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया और वे वहीं टापू पर फंस गए।
🚨 8 घंटे से फंसे, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
मामला कुरुद थाना क्षेत्र का है। घटना की जानकारी मिलते ही नगर सेना बाढ़ बचाव दल और पुलिस मौके पर पहुंच गई। बताया जा रहा है कि पुजारी पिछले 8 घंटे से टापू पर ही फंसे हुए हैं। नदी में पानी का बहाव इतना तेज है कि तुरंत बचाव कार्य करना संभव नहीं हो पा रहा।
ग्रामीणों की सतर्कता से मिली राहत
ग्रामीणों ने जब पुजारी को टापू पर फंसा देखा तो तुरंत बचाव दल को सूचना दी। उन्होंने पुजारी को संदेश भी भेजा कि वे टापू पर ही सुरक्षित बने रहें और कोई जल्दबाजी न करें। इस बीच बड़ी संख्या में लोग नदी किनारे जमा हो गए हैं।
🛶 प्रशासन ने शुरू किया रेस्क्यू अभियान
पुलिस और बचाव दल की टीम पुजारी को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रणनीति बना रही है। फिलहाल प्रयास जारी है कि किसी तरह तेज बहाव के बीच पुजारी को सुरक्षित किनारे तक पहुंचाया जाए।