धमतरी जिले से एक अद्भुत और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। बिलाई माता मंदिर में रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक युवक लोहे की रॉड और चाकू लेकर सीधे देवी के गर्भगृह की ओर बढ़ने लगा। पुजारियों ने जब उसे रोकने की कोशिश की, तो उसने चाकू निकाल लिया और अपने ही हाथ पर वार कर लिया। मंदिर परिसर में अफरातफरी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
पुजारी नारायण दुबे के अनुसार, यह घटना रविवार सुबह करीब 10 बजे हुई। युवक बिना कुछ बोले मंदिर में प्रवेश किया और सीधे गर्भगृह की ओर बढ़ने लगा। पुजारियों को उसकी हरकत संदिग्ध लगी और रोकने पर उसने पहले रॉड से हमला करने की कोशिश की। जब रॉड छीन ली गई, तो उसने जेब से चाकू निकाला और अपने ही हाथ पर वार करने लगा।
इस दौरान पंडितों और युवक के बीच काफी देर तक बहसबाजी होती रही। बताया जा रहा है कि युवक माता के चरणों में अपनी आंखें चढ़ाने की बात कह रहा था। पूरी घटना मंदिर के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो चुकी है।
मंदिर शहर से कुछ दूरी पर होने के कारण कोतवाली पुलिस को मौके पर पहुंचने में करीब आधा घंटा लग गया। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पूछताछ में युवक बार-बार यही कहता रहा – “मुझे माता के चरण स्पर्श करने हैं, मैं अपनी आंखें चढ़ाना चाहता हूं।”
फिलहाल पुलिस युवक की मानसिक स्थिति और उसके घर-परिवार के बारे में जानकारी जुटा रही है। यह विचित्र घटना अब पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है।
