शिविर में 110 लोगों का किया हेल्थ चेकअप

न्यूज | मगरलोड

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मगरलोड की ओर से डूमरपाली में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हसदा और आयुष्मान आरोग्य मंदिर धौराभाठा की स्वास्थ्य टीम ने जांच शिविर का आयोजन किया। इस शिविर में कुल 110 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। कार्यक्रम के दौरान 2 वय वंदन कार्ड, 12 आयुष्मान कार्ड और 15 आभा आईडी तैयार की गईं।

जांच में 35 लोग रक्तचाप और 22 लोग शुगर से प्रभावित मिले, जिनका जरूरी इलाज किया गया। इसके अलावा, 55 लोगों के ब्लड टेस्ट किए गए, जिनमें से 15 व्यक्तियों में रक्त अल्पता की पहचान हुई और उनका इलाज भी किया गया। शिविर में 42 लोगों की नेत्र जांच भी हुई। स्वास्थ्य जांच और परामर्श शिविर के दौरान, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हसदा के सेक्टर प्रभारी हुनेंद्र साहू ने ग्रामीणों को मौसमी बीमारियों से बचाव और संतुलित पोषण आहार के महत्व के बारे में जागरूक किया। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और हर हफ्ते कम से कम 5 दिन, 20 मिनट योग और व्यायाम करने की सलाह दी, ताकि संचारी और गैर-संचारी रोगों से बचा जा सके और रोग प्रतिरोधक क्षमता को बनाए रखा जा सके।

नेत्र चिकित्सा सहायक अधिकारी डीके साहू ने वर्तमान में धान कटाई के दौरान आंखों की सुरक्षा, मोतियाबिंद और अन्य नेत्र रोगों से बचाव के उपाय साझा किए। सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी रितेश साहू ने गैर-संचारी रोग जैसे बीपी, शुगर, कैंसर और मानसिक रोगों से बचाव के लिए आवश्यक सलाह दी। सेक्टर सुपरवाइजर दिनेश नागरची ने गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, बच्चों के पोषण आहार तथा जरूरी टीकाकरण के महत्व को बताया। यह शिविर ग्रामीणों के बेहतर स्वास्थ्य एवं जागरूकता के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।

एक टिप्पणी भेजें

यहां टिप्पणी दर्ज करें

और नया पुराने