कोबरा ने डसा तो युवक ने गुस्से में सांप को ही चबा डाला! सांप की मौत, युवक की बची जान

 अजब-गजब कहते है "जाको राखे साइयां, मार सके न कोय" यह महज एक दोहा नहीं, बल्कि हकीकत है। दरअसल उत्तरप्रदेश के हरदोई जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने लोगों को दंग कर दिया। यहां एक युवक को कोबरा ने डस लिया, तो उसने गुस्से में आकर उसी सांप को पकड़ लिया और उसका फन अपने दांतों से चबा डाला। इस घटना में युवक की जान तो बच गई, लेकिन कोबरा की मौत हो गई।

गुस्से में सांप का फन ही चबा डाला

यह अजीबोगरीब मामला टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भड़ायल के मजरा पुष्पताली का है। गांव के 28 वर्षीय पुनीत वर्मा, पिता सुरेश वर्मा 4 नवंबर को अपने खेत पर गए थे। तभी अचानक एक किंग कोबरा सांप ने आकर उनके पैर को लपेट लिया और डस लिया। मगर पुनीत घबराए नहीं — उन्होंने बिना डरे उसी जहरीले सांप को हाथ से पकड़ा और गुस्से में उसका फन अपने दांतों से चबा डाला।

अस्पताल में भर्ती हुआ युवक, अब खतरे से बाहर

घटना के बाद पुनीत के पैर में दर्द और हल्का चक्कर आने लगा। परिजनों ने तुरंत उसे हरदोई मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद भर्ती कर लिया। रातभर निगरानी में रखने के बाद हालत सामान्य होने पर 5 नवंबर को उसे छुट्टी दे दी गई।

डॉक्टरों ने बताया बड़ा जोखिम

इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. शेर सिंह ने बताया कि रात में पुनीत नामक युवक को भर्ती किया गया था। उसने बताया कि उसे कोबरा ने काटा था, जो किंग कोबरा प्रतीत हो रहा था। डॉक्टरों ने कहा कि पुनीत की हालत सामान्य थी, इसलिए इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।

डॉ. सिंह ने यह भी चेतावनी दी कि यह कदम बेहद खतरनाक था। अगर सांप का ज़हर मुंह में चला जाता या सांप फिर से काट लेता तो उसकी जान बचाना मुश्किल होता।

गांव में चर्चा का विषय बना मामला

यह घटना अब पूरे गांव में चर्चा का विषय बनी हुई है। जहां लोग कोबरा का नाम सुनकर डर जाते हैं, वहीं पुनीत ने गुस्से में अद्भुत साहस दिखाकर सांप से बदला ले लिया। स्थानीय लोग अब भी इस घटना को “अविश्वसनीय लेकिन सच्ची कहानी” बता रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

यहां टिप्पणी दर्ज करें

और नया पुराने