न्यूज | मगरलोड
यशवंतराव मेघावाले शासकीय कॉलेज मगरलोड की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा आयोजित 7 दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ 12 नवंबर को बोड़रा में हुआ। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि सरपंच केवल राम वर्मा थे। अध्यक्षता कॉलेज की प्राचार्य डॉ. प्रभा वेरुलकर ने की। कार्यक्रम का आरंभ दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ किया गया। प्राचार्य डॉ. प्रभा वेरुलकर ने स्वागत भाषण में योजना की भूमिका व उद्देश्य की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एनएसएस युवाओं में सेवा, अनुशासन और नेतृत्व कौशल का विकास करता है।
मुख्य अतिथि केवल राम वर्मा ने राष्ट्रीय सेवा योजना को एक निस्वार्थ सेवा बताया, जो समाज के साथ सामूहिक कार्य करने की प्रेरणा प्रदान करती है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुशीला साहू ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन डॉ. रमा चंद्राकर द्वारा किया गया।
उद्घाटन सत्र के बाद, स्वयंसेवकों और पदाधिकारियों ने बैंड-बाजे के साथ गांव में जागरूकता अभियान चलाया। इस अभियान में ग्रामीणों को स्वच्छता, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के महत्व को समझाने के लिए प्रेरित किया गया। अगले चरण में सभी 60 स्वयंसेवकों को 5 दलों में बांटा गया, जिनके नाम रजिया सुल्तान, चांद बीबी, जीजाबाई, नूरजहां और जहांआरा रखे गए। हर दल को शिविर की विभिन्न गतिविधियों का जिम्मा सौंपा गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों में योगेश्वर वर्मा उपसरपंच, अश्वनी साहू, कल्याणी वर्मा, धनेश्वरी साहू, लता, देवकुमारी, भुवनेश्वरी वर्मा, नेमबाई साहू, तेजराम साहू मौजूद रहे।
Tags
मगरलोड (छत्तीसगढ़)