न्यूज | कुरूद
कुरूद नगर पालिका द्वारा वाटर फिल्टर प्लांट के पास अटल परिसर का निर्माण किया गया है। गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री एवं छत्तीसगढ़ राज्य निर्माता स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा की पूजा-अर्चना व माल्यार्पण कर जयंती मनाई। नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चंद्राकर ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भले ही शारीरिक रूप से हमारे बीच न हो, लेकिन अपने विचारों, आदर्शों और राष्ट्रभक्ति के कारण वे सदैव जीवंत रहेंगे। जब तक भारत रहेगा, तब तक अटल जी रहेंगे।
उन्होंने हमेशा 'मैं' नहीं बल्कि 'राष्ट्र' को केंद्र में रखा। आज के दौर में जब राजनीति स्वार्थ की ओर बढ़ती दिखती है, तब अटल जी के विचार हमें सही दिशा दिखाते हैं। भारत आज फिर विश्व मंच पर अपनी विश्वसनीयता और गरिमा बढ़ा रहा है, यह उनके विचारधारा की ही देन है। पार्षद मनीष साहू ने कहा कि देशभर के लगभग 115 नगरों में अटल परिसरों का लोकार्पण उनके सम्मान का प्रतीक है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष कृष्णकांत साहू ने अटल जी के जीवन का वह ऐतिहासिक प्रसंग भी स्मरण कराया। जब मात्र एक सीट से सरकार बच सकती थी, फिर भी अटल जी ने लोकतंत्र की मर्यादा को सर्वोपरि रखते हुए किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पार्षदों एवं नागरिकों ने अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र सेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और नैतिक राजनीति के मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि भानु चन्द्राकर, पार्षद मिथिलेश बैस, रवि मानिकपुरी, कविता चन्द्राकर, राजकुमारी ध्रुव, पूर्व पार्षद विनोद चन्द्राकर, मूलचंद सिन्हा, रामेश्वर ध्रुव, भारत भूषण पंचायन, विकास चन्द्राकर, अजय केला, रवि चन्द्राकर, संजू चन्द्राकर, कमलेश रेड्डी, किशोर यादव, ओमप्रकाश साहू, बसंत ध्रुव, गणेश साहू, चंदन शर्मा, सूरज देवांगन, पंकज नायडू, टिकेश साहू, भूमिका सिन्हा, ममता साहू आदि उपस्थित थे।
Tags
कुरुद छत्तीसगढ़