न्यूज | फिंगेश्वर
छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता, भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को नगर पंचायत फिंगेश्वर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय परिसर में नवनिर्मित अटल परिसर का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। यह लोकार्पण अटलजी के जन्म शताब्दी वर्ष के अंतर्गत प्रदेश सरकार द्वारा संचालित अटल निर्माण वर्ष के तहत किया गया।
उल्लेखनीय है कि अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृतियों को चिरस्थायी रखने तथा छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण और विकास में उनके ऐतिहासिक योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में अटल परिसरों का निर्माण किया जा रहा है। इसी क्रम में 25 दिसंबर को अटलजी की जयंती पर प्रदेश के 115 शहरों में एक साथ नवनिर्मित अटल परिसरों का लोकार्पण किया गया।
राजधानी रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अटल परिसरों का लोकार्पण किया तथा वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के अन्य 114 नगरीय निकायों से जुड़े। फिंगेश्वर नगर पंचायत में आयोजित समारोह में नगर अध्यक्ष धनराज सूर्यवंशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में दीपक श्रीवास उपाध्याय, पार्षद श्रीमती पदमा यदु, शांति कोसरे, चंचल यदु सहित नगर के वरिष्ठ नेता भागवत हरित, ओमप्रकाश बंछोर, कमलेश यदु, चंदन मानकर तथा नगर पंचायत के अधिकारी कर्मचारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
Tags
फिंगेश्वर छत्तीसगढ़