धमतरी में सूखे कुएं में गिरा चीतलः ग्रामीणों और वन विभाग ने 25 फीट गहरे कुएं से सुरक्षित निकाला

 छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक चीतल सूखे कुएं में गिर गया। गर्मी बढ़ते ही पानी की तलाश में बस्ती के पास पहुंचे चीतलों के झुंड में से एक चीतल 20 से 25 फीट गहरे कुएं में जा गिरा। ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने मिलकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला।


यह घटना धमतरी जिले के सिंगपुर रेंज के ग्राम अंजोरा में सामने आई। गर्मी की शुरुआत के साथ ही वनांचल क्षेत्रों से जीव-जंतु पानी और भोजन की तलाश में जंगल से बाहर निकल रहे हैं। इसी क्रम में चीतलों का एक झुंड अंजोरा गांव के पास पहुंच गया था।

पूरी तरह से स्वस्थ है रेस्क्यू किया गया चीतल


गांव के किसानों ने बस्ती से लगे एक खेत के सूखे कुएं में चीतल को गिरा हुआ देखा। कुआं लगभग 20 से 25 फीट गहरा था। किसानों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी।


सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से चीतल को बचाने का अभियान शुरू किया गया। बचाव दल ने कुएं में जाल डाला और एक व्यक्ति कुएं के नीचे उतरकर चीतल को जाल में फंसाया। इसके बाद चीतल को सुरक्षित रूप से कुएं से बाहर निकाला गया।


वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि चीतल पूरी तरह स्वस्थ है। उसे प्राथमिक जांच के बाद पास के जंगल में छोड़ दिया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ