न्यूज | नवापारा राजिम
सेठ फूलचंद अग्रवाल स्मृति महाविद्यालय के योग साइंस के छात्र सूर्यकांत यदु का दूसरी बार अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय राष्ट्रीय स्क्वैश प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। यह प्रतियोगिता मुंबई स्थित सौम्या विश्वविद्यालय में आयोजित की जाएगी। महाविद्यालय के खेल अधिकारी शिवकुमार पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार हाल ही में प्रगति महाविद्यालय रायपुर में अंतर महाविद्यालय स्क्वैश प्रतियोगिता आयोजित की गई थी।
इस प्रतियोगिता में सूर्यकांत यदु ने दुर्गा कॉलेज, विवेकानंद कॉलेज, साइंस कॉलेज तथा प्रगति महाविद्यालय रायपुर के खिलाड़ियों को लगातार पांच सेटों में पराजित कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय राष्ट्रीय स्क्वैश प्रतियोगिता के लिए दूसरी बार किया गया है।
सूर्यकांत यदु खेल के साथ-साथ शैक्षणिक गतिविधियों में भी अग्रणी हैं। छात्र की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय शिक्षण समिति के अध्यक्ष मनमोहन अग्रवाल, उपाध्यक्ष रमेश पहाड़िया, डायरेक्टर भावना यश अग्रवाल, प्राचार्य डॉ. शोभा गावरी, उपप्राचार्य डॉ. मनोज मिश्रा सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, जनप्रतिनिधियों और खिलाड़ियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सूर्यकांत यदु के माता-पिता गोवर्धन प्रसाद यदु और गीता देवी यदु तथा उनके ग्राम रानीपरतेवा (छुरा) के जनप्रतिनिधियों और समाजजनों ने भी इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया।
0 टिप्पणियाँ
यहां टिप्पणी दर्ज करें