मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में 23 जोड़े बंधे वैवाहिक बंधन में शिवरीनारायण में सामूहिक विवाह समारोह, नवदंपतियों को मिला आशीर्वादपारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ 23 जोड़ों का विवाह आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को मिला सम्मान जनक विवाह का सहारा
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत शिवरीनारायण में 23 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न
पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हुआ आयोजन, जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद
जांजगीर-चांपा,
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत शिवरीनारायण स्थित सत्संग भवन में गुरुवार को सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में परियोजना नवागढ़ एवं परियोजना जांजगीर के कुल 23 जोड़ों का विवाह पूर्ण विधि-विधान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अनिता अग्रवाल ने बताया कि समारोह में 22 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार तथा एक जोड़े का विवाह मुस्लिम परंपरा के तहत सम्पन्न कराया गया। शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को सम्मानपूर्वक विवाह का अवसर उपलब्ध कराया गया।
विवाह सम्पन्न होने के पश्चात सभी नवदंपतियों को विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं सफल वैवाहिक जीवन की कामना की।
इस अवसर पर विधायक पामगढ़ श्रीमती शेषराज हरबंश, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यालता आनंद मिरी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मोहन कुमारी साहू एवं श्रीमती नेहा साहू, राजेश्री महंत डॉ. रामसुंदर दास, नगर पंचायत शिवरीनारायण अध्यक्ष श्री राहुल थवाईत, उपाध्यक्ष श्रीमती सरस्वती साहू तथा श्री मयंक परमहंस सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पार्षद उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्य नगर पालिका अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए। समारोह का माहौल उत्साह, संस्कृति और पारिवारिक परंपराओं से सराबोर नजर आया।
0 टिप्पणियाँ
यहां टिप्पणी दर्ज करें