मानसून की झमाझम बारिश के साथ रायपुर के आसपास के जंगल, पहाड़ और घाटियां फिर से हरी-भरी हो गई हैं। इसी मौसम में कई ऐसे वॉटरफॉल भी पूरे शबाब पर नजर आते हैं, जो सालभर सामान्य रहते हैं।
अगर आप वीकेंड पर शहर की भीड़-भाड़ और भागदौड़ से दूर प्रकृति के बीच कुछ सुकून भरे पल बिताना चाहते हैं, तो रायपुर से 70 से 150 किलोमीटर के दायरे में मौजूद ये वॉटरफॉल आपके लिए शानदार विकल्प हो सकते हैं।
सिद्धखोल, देवधारा, कुलाप, कारी-पगार और शेषपगार वॉटरफॉल में घने जंगल, ऊंची चट्टानों से गिरती पानी की धार, ट्रैकिंग और एडवेंचर का बेहतरीन अनुभव एक साथ मिलता है। आइए जानते हैं, मानसून में घूमने के लिए इन खूबसूरत वॉटरफॉल्स के बारे में।
देवधारा वॉटरफॉल: देवधारा वॉटरफॉल शांत वातावरण
और प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है। यहां पहुंचने के लिए जंगल के बीच ट्रैकिंग करनी पड़ती है, जो इस सफर को और रोमांचक बना देती है। ऊंचाई से गिरती पानी की तेज धार और चारों ओर फैली हरियाली मानसून में इस जगह को और आकर्षक बना देती है।
सिद्धखोल वॉटरफॉलः घने जंगल और चट्टानों के बीच स्थित सिद्धखोल वॉटरफॉल एडवेंचर पसंद करने वालों के लिए शानदार स्पॉट है। मानसून में पहाड़ियों से गिरती जलधारा, प्राकृतिक नजारे और शांत माहौल यहां आने वाले पर्यटकों को एक अलग ही अनुभव देते हैं।
कुलाप वॉटरफॉलः कुलाप वॉटरफॉल अभी भी भीड़भाड़
वाले पर्यटन स्थलों से दूर है। यहां पहुंचने के लिए जंगल के रास्ते पैदल चलना पड़ता है। बारिश के मौसम में तेज बहता पानी, घना जंगल और प्राकृतिक वातावरण इसे मानसून ट्रिप के लिए खास बनाते हैं।
कारी-पगार वॉटरफॉल: पहाड़ियों और घने जंगलों से
घिरा कारी-पगार वॉटरफॉल मानसून में बेहद मनमोहक दिखाई देता है। ऊंचाई से गिरती जलधारा, चारों ओर फैली हरियाली और प्राकृतिक नज़ारे फोटोग्राफी के शौकीनों के साथ-साथ प्रकृति प्रेमियों को भी खूब आकर्षित करते हैं।
शेषपगार वॉटरफॉलः कारी-पगार से कुछ ही दूरी पर स्थित शेषपगार वॉटरफॉल भी मानसून में देखने लायक बन जाता है। बारिश के बाद चट्टानों से तेज रफ्तार से गिरता पानी और चारों तरफ फैली हरियाली इसकी खूबसूरती को और बढ़ा देती है। यदि आप एक दिन की ट्रिप प्लान कर रहे हैं तो कारी-पगार और शेषपगार दोनों जगह आसानी से घूम सकते हैं।
मानसून में क्यों जाएं यहां ?
बारिश के बाद इन वॉटरफॉल का जलस्तर बढ़ जाता है और आसपास की हरियाली इनकी खूबसूरती में चार चांद लगा देती है। इन जगहों पर अभी भी बड़े पर्यटन स्थलों जैसी भीड़ नहीं होती, इसलिए नेचर लवर्स, ट्रैकिंग और लॉन्ग ड्राइव पसंद करने वालों के लिए ये परफेक्ट वीकेंड डेस्टिनेशन हैं।
यात्रा पर निकलने से पहले रखें इन बातों का ध्यान
भारी बारिश के दौरान वॉटरफॉल के किनारों पर जाने से बचें।
फिसलन वाले रास्तों के लिए अच्छी ग्रिप वाले जूते पहनें।
ट्रैकिंग हमेशा समूह में करें।
मौसम और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी देखकर ही यात्रा की योजना बनाएं।
मोबाइल, कैमरा और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान वाटरप्रूफ बैग में रखें।
प्राकृतिक स्थलों पर प्लास्टिक या अन्य कचरा न फैलाएं।