धमतरी/मगरलोड – नगर पंचायत मगरलोड के वार्ड क्रमांक 4 में हुई एक दिल दहला देने वाली घटना में 26 वर्षीय युवती कुमारी लता सिन्हा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटनाक्रम इतना खौफनाक था कि मृतिका ने आत्मघाती कदम उठाने से पहले घर में टीवी देख रहे अपने ही माता-पिता को कमरे में बाहर से ताला लगाकर बंद कर दिया था। इसके बाद उसने हॉल में लगे पंखे से रस्सी का फंदा लटकाकर अपनी जान दे दी। बेबस माता-पिता रातभर कमरे के अंदर ही बंद रहे और उन्हें भनक तक नहीं लगी कि बाहर उनकी बेटी दम तोड़ चुकी है।
सुबह ‘डायल 112′ की मदद से तोड़ा गया दरवाजा:
घटना का खुलासा आज सुबह तब हुआ जब बंधक बने पिता हीरालाल सिन्हा की पत्नी ने कमरे के अंदर से ही मोबाइल के जरिए अपने अन्य परिजनों को फोन पर इस बात की जानकारी दी की हमे कमरे में बंद कर दिया है।
सूचना मिलते ही परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। तत्काल पुलिस सहायता नंबर 112 पर कॉल कर घटना की जानकारी दी गई। ‘डायल 112’ की टीम के पहुंचने के बाद ग्रामीणों की मौजूदगी में सबसे पहले घर के मुख्य दरवाजे को तोड़ा गया।
इसके बाद अंदर जाकर उस कमरे का ताला काटा गया जिसमें माता-पिता बंद थे। कमरे से बाहर निकलते ही जब परिजनों ने हॉल का मंजर देखा, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई; कु. लता सिन्हा की सांसें हमेशा के लिए थम चुकी थीं।
थाने में रिपोर्ट दर्ज, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
घटना के बाद व्यथित पिता हीरालाल सिन्हा ने तत्काल मगरलोड थाने पहुंचकर मामले की लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस टीम ने फौरन मौके पर पहुंचकर मृतिका के शव को फंदे से नीचे उतारा। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम (PM) के लिए भेजा गया। दोपहर बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है
कॉल डिटेल्स और ‘बैगा’ कनेक्शन पर टिकी जांच:
परिजनों के अनुसार, मृतिका का गांव के ही एक स्थानीय ‘बैगा’ (तांत्रिक/जानकार) के घर लगातार आना-जाना था और वह मोबाइल पर भी उसके संपर्क में रहती थी।
आशंका जताई जा रही है कि इसी बैगा द्वारा बनाए गए किसी अज्ञात मानसिक दबाव या धमकी के कारण युवती ने यह खौफनाक कदम उठाया। मगरलोड पुलिस ने मृतिका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और कॉल रिकॉर्ड्स के जरिए आत्महत्या के वास्तविक कारणों की कड़ाई से जांच कर रही है।