नवभारत ब्यूरो । धमतरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भाजपा के राष्ट्रव्यापी आह्वान एवं प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर भाजपा प्रदेश सह कार्यालय मंत्री प्रीतेश गांधी ने आशीर्वाद का दीया अभियान के तहत दीप प्रज्वलित किए। प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में उनके 76वें जन्मवर्ष के प्रतीक स्वरूप 76 मुख्य ज्योतियों के साथ कुल 501 दीपक प्रज्वलित किए गए। इस अवसर पर प्रीतेश गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए कहा कि जिसने जीवन संवारा, उन्हें आशीर्वाद हमारा की भावना के साथ यह आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की सेवा का यह कारवां निरंतर आगे बढ़ता रहे, यही इस अवसर पर प्रार्थना और संकल्प है।
श्री गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर विकसित भारत 2047 के निर्माण के लिए संकल्प लेना देश के भविष्य के प्रति प्रतिबद्धता का अवसर है। उन्होंने कहा कि विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में देश को आगे बढ़ाने के साथ भारत की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय चेतना को भी मजबूती देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दीप प्रज्वलन का यह आयोजन सेवा, संकल्प और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की और प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की। इस अवसर पर नगर निगम के पूर्व सभापति राजेन्द्र शर्मा, पीयूष राठौड़, महेन्द्र राजपुरिया, पार्षद कुलेश सोनी, पार्षद पिंटू यादव, हरि कटारिया, नरेंद्र जायसवाल, महावीर सिन्हा, कमलेश गांधी, योगेश गांधी एवं लखमशी भानुशाली सहित बड़ी संख्या में भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।