धमतरी। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देशानुसार खनिज विभाग की टीम द्वारा जिले भर में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में दो दिनों के भीतर खनिज अमले ने तहसील कुरूद एवं धमतरी क्षेत्र में दबिश देकर अवैध रूप से मुरूम एवं रेत का परिवहन करते हुए कुल 7 हाईवा, 1 जेसीबी मशीन तथा 1 ट्रैक्टर को मौके से जब्त किया है। जब्त किए गए सभी वाहनों को सुरक्षार्थ कृषि उपज मंडी
एवं कलेक्ट्रेट कम्पोजिट बिल्डिंग परिसर में खड़ा कराया गया है। खनिज विभाग के अधिकारियों के अनुसार, सभी संबंधित मामलों में खान एवं खनिज विकास और विनियमन अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत अर्थदंड वसूली और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने कहा है कि जिले में बिना वैध अनुमति के रेत या किसी भी खनिज का उत्खनन, परिवहन अथवा भंडारण पूरी तरह प्रतिबंधित है। नियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की कठोर दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।