नवभारत ब्यूरो । धमतरी।
छत्तीसगढ़ में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रायपुर से कुरूद तक यात्री रेल सेवा का शुभारंभ हुआ। रायपुर में हुए कार्यक्रम में सीएम ने हरी झण्डी दिखाकर कुरूद के लिए मेमू ट्रेन को रवाना किया वहीं केन्द्रीय रेल मंत्री कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़े। कुरूद रेलवे स्टेशन में क्षेत्रीय विधायक अजय चंद्राकर समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। पहली बार ट्रेन से कुरूद पहुंचे यात्रियों का स्वागत किया गया। लंबे समय से रेल सुविधा की प्रतीक्षा कर रहे कुरूद सहित आसपास के क्षेत्रवासियों के लिए यह अवसर खास रहा। रेल सेवा शुरू होने से अब रायपुर और कुरूद के बीच आवागमन के लिए लोगों को एक नया और किफायती विकल्प मिलेगा।
प्रस्तावित किराया महज 20 रुपये होने से यात्रियों को कम खर्च में राजधानी तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी। इसका लाभ कुरूद के साथ सिरी, चटोद और आसपास के गांवों के लोगों को भी मिलने की उम्मीद है। कुरूद ब्रॉडगेज रेल लाइन पर यात्री सेवा की शुरुआत को धमतरी अंचल के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। अब तक सड़क परिवहन पर निर्भर रहने वाले यात्रियों को रेल के रूप में एक अतिरिक्त विकल्प मिला है। इससे विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, छोटे व्यापारियों और रोजाना रायपुर आने-जाने वाले यात्रियों को विशेष सुविधा मिल सकती है। किफायती रेल यात्रा से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की राजधानी तक पहुंच आसान होगी। साथ ही स्थानीय बाजारों, व्यापारिक गतिविधियों, शिक्षा और रोजगार के अवसरों को भी प्रोत्साहन मिलने की संभावना है। कुरूद तक यात्री रेल सेवा शुरू होने के बाद अब धमतरी तक रेल कनेक्टिविटी के विस्तार को लेकर क्षेत्रवासियों की उम्मीदें बढ़ गई हैं। रेल कनेक्टिविटी का विस्तार क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।