छत्तीसगढ़ में वर्किंग टीचर्स को भी देना होगा TET:साल में एक बार होगी परीक्षा, शिक्षा विभाग ने कर्मचारी चयन मंडल को सौंपी जिम्मेदारी
छत्तीसगढ़ में सेवारत शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) आयोजित की जाएगी। स्कूल शिक्षा विभाग ने इसके लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल को जिम्मेदारी सौंपी है। विभाग ने साल में कम से कम एक बार सामान्य TET परीक्षा कराने के निर्देश दिए हैं। इसमें सेवारत शिक्षक और अन्य पात्र अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे।
स्कूल शिक्षा विभाग के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट के 1 सितंबर 2025 और 29 मई 2026 के फैसलों के मुताबिक कक्षा पहली से आठवीं तक पढ़ाने वाले ऐसे सेवारत शिक्षकों, जिनकी नौकरी में 5 साल या उससे अधिक सेवा शेष है, उन्हें संबंधित स्तर की TET पास करना जरूरी है। इन शिक्षकों को सेवा में बने रहने और पदोन्नति के लिए TET परीक्षा पास करनी होगी।
पहले व्यापमं कराता था परीक्षा
प्रदेश में अब तक शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) की ओर से समय-समय पर किया जाता रहा है। अब सेवारत ऐसे नियमित शिक्षक, जिन्होंने TET पास नहीं की है, और अन्य गैर-सेवारत अभ्यर्थियों के लिए सामान्य TET आयोजित करने की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल को दी गई है।
साल में कम से कम एक बार होगी परीक्षा
स्कूल शिक्षा विभाग ने कर्मचारी चयन मंडल के परीक्षा नियंत्रक को निर्देश दिया है कि सामान्य TET परीक्षा साल में कम से कम एक बार आयोजित की जाए। इससे संबंधित शिक्षकों और अन्य पात्र अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिल सकेगा।