जमीन में गड़े 21 लाख निकालते पकड़ाईं सरेंडर महिला नक्सली:ठेकेदारों और आम लोगों से वसूली थी रकम, चलपति ने 2024 में छिपाए थे

 

जमीन में गड़े 21 लाख निकालते पकड़ाईं सरेंडर महिला नक्सली:ठेकेदारों और आम लोगों से वसूली थी रकम, चलपति ने 2024 में छिपाए थे


छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए 21 लाख रुपए के नकद डंप को निकालने पहुंचे 2 महिला सरेंडर नक्सलियों समेत तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, यह रकम नक्सली संगठन ने ठेकेदारों और आम नागरिकों को डराकर अवैध वसूली के जरिए जुटाई थी।

मामला मैनपुर थाना क्षेत्र के राजाडेरा जंगल का है। गिरफ्तार दोनों महिलाओं ने शासन की पुनर्वास नीति के तहत सरेंडर किया था। पुलिस का कहना है कि इसके बावजूद वे नक्सली संगठन के लिए छिपाई गई रकम निकालने की योजना बना रही थीं। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि यह रकम नक्सली चलपति ने 2024 में छिपाई थी।

मैनपुर के राजाडेरा जंगल में रकम निकालने पहुंचे थे दो महिला सरेंडर नक्सली और उनका सहयोगी।

जंगल से बैग लेकर लौट रहे थे, पुलिस ने पकड़ा

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग राजाडेरा पहाड़ी के पास जंगल में छिपाकर रखी गई रकम निकालने पहुंचने वाले हैं। इसके आधार पर मैनपुर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की। इसी दौरान जंगल से बैग लेकर लौट रहे संदिग्धों ने पुलिस को देखकर छिपने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान उनके पास मिले काले रंग के बैग में एक टिफिन रखा मिला। इसमें 500-500 रुपए के नोटों के बंडल थे। पुलिस ने कुल 21 लाख रुपए नकद बरामद किए। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन और एक टीवीएस बाइक भी जब्त की गई है।

चलपति की गार्ड और सीनापाली दलम की पूर्व कमांडर

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में सिंगे उर्फ रोशनी निवासी ग्राम गामगुलावर, जिला सुकमा शामिल है। वह नक्सली कमांडर चलपति की गार्ड रह चुकी है। दूसरी आरोपी बुधरी मुचाकी उर्फ बुदरी उर्फ सोनी निवासी एटेगट्टा, जिला सुकमा है, जिसे सीनापाली दलम की पूर्व कमांडर बताया गया है।

तीसरा आरोपी नोहर मरकाम निवासी ग्राम भुतबेड़ा, थाना मैनपुर है। पुलिस ने उसे नक्सलियों का सहयोगी बताया है।

आरोपियों में चलपति की गार्ड और सीनापाली दलम की पूर्व कमांडर शामिल है।

2024 में चलपति ने जमीन के अंदर छिपाई थी रकम

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद 21 लाख रुपए वर्ष 2024 में नक्सली कमांडर चलपति ने राजाडेरा जंगल में पहाड़ी के पास जमीन के अंदर छिपाकर रखे थे। यह रकम ठेकेदारों और आम लोगों को डराने-धमकाने के बाद अवैध वसूली के जरिए जुटाई गई थी।

पुलिस का कहना है कि दोनों महिला सरेंडर नक्सलियों ने पुनर्वास कैंप में रहते हुए इस रकम को निकालने की योजना बनाई थी। इसके लिए उन्होंने अपने पुराने सहयोगी नोहर मरकाम की मदद ली और उसके साथ जंगल पहुंचीं।

बैग में 500-500 रुपए के नोटों के बंडल थे। पुलिस ने कुल 21 लाख रुपए नकद बरामद किए।

BNS और UAPA की धाराओं में केस दर्ज

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2), 61(2) और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA की धारा 17, 18, 20, 38 और 40 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की आगे विवेचना कर रही है। चलपति के बारे में जानिए

2 साल पहले गरियाबंद जिले के भालूडिग्गी जंगल में हुई मुठभेड़ में चलपति मारा गया था।


एक टिप्पणी भेजें

यहां टिप्पणी दर्ज करें

और नया पुराने