2 लावारिश वाहन से 13 गौवंश मिले, 2 गिरफ्तार
भोथा से दोनर जाने वाले कच्चे रास्ते पर नाका के पास 2 चारपहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त हालत में लावारिस खड़े मिले। सूचना पर मगरलोड पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में बिना नंबर प्लेट वाले वाहन में 7 गौवंश मिले। कुछ दूरी पर खड़ी बोलेरो मैक्स पिकअप के डाले में 6 गौवंश मिले। दोनों वाहनों में कुल 13 गौवंश बिना चारा-पानी के ठूंस-ठूंसकर भरे थे। दम घुटने और दुर्घटना से एक बछड़े की मौके पर मौत हो गई।
पुलिस ने पशु चिकित्सक को बुलाया। 12 जीवित गौवंशों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया। मृत बछड़े का पोस्टमार्टम कराया गया। छत्तीसगढ़ राज्य गौसेवा आयोग के निर्देश पर नगर पालिका कुरूद के काऊ कैचर वाहन से 12 जीवित गौवंशों को गुरु गायत्री गौशाला समिति, ग्राम हाथबाय, गरियाबंद भेजा गया। वहां सुरक्षित पुनर्वास कराया जाएगा। पुलिस ने आरटीओ कार्यालय से वाहनों की जानकारी ली। मूल वाहन मालिकों को तलब किया। धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस दिया गया। वाहन के दस्तावेज और किरायानामा जब्त किया गया।
जांच में दोनों वाहन चालकों की भूमिका सामने आई। पुलिस ने मधु शंकर लहरे (26), पाईकभाठा, और अजय बंजारे (22), पाईकभाठा, को गिरफ्तार किया। पुलिस ने वाहन और बोलेरो मैक्स पिकअप जब्त की। दोनों की अनुमानित कीमत 3-3 लाख बताई गई। कुल 13 गौवंश जब्त किए गए। इनमें 12 जीवित हैं। 1 मृत है। मगरलोड थाने में धारा 4, 6, 10 कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 और धारा 11 पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम 1960 के तहत कार्रवाई की गई। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
