THE MAGARLOD NEWS

20 साल के जितेंद्र ने 2 मरीजों को दिया जीवनदान:ब्रेन-डेथ के बाद परिवार ने दान की दोनों किडनी, महासमुंद-धमतरी के मरीजों का सफल प्रत्यारोपण

20 साल के जितेंद्र ने 2 मरीजों को दिया जीवनदान:ब्रेन-डेथ के बाद परिवार ने दान की दोनों किडनी, महासमुंद-धमतरी के मरीजों का सफल प्रत्यारोपण



रायपुर के 20 वर्षीय जितेंद्र दीप अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनके अंगों से दो लोगों को नई जिंदगी मिली है। ब्रेन डेथ घोषित होने के बाद जितेंद्र के परिजनों ने उनकी दोनों किडनी दान करने का फैसला लिया। इसके बाद एम्स रायपुर में दो जरूरतमंद मरीजों का सफल प्रत्यारोपण किया गया। यह छत्तीसगढ़ का 16वां मृतक अंगदान है।

जितेंद्र को 9 नवंबर 2026 को अज्ञात परिस्थितियों में गंभीर चोटें आई थीं। उन्हें पहले डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए रामकृष्ण केयर अस्पताल, रायपुर में शिफ्ट किया गया। डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद 14 नवंबर को उन्हें ब्रेन डेथ घोषित कर दिया गया।

इस मुश्किल घड़ी में परिवार ने उनके दोनों गुर्दे दान करने की सहमति दी। जितेंद्र के भाई विक्की दीप ने बताया कि वह प्रतिभाशाली क्रिकेट खिलाड़ी थे और पांच भाई-बहनों में सबसे आज्ञाकारी बच्चों में से एक थे। परिवार का कहना है कि जितेंद्र की यादें उन लोगों के जीवन में हमेशा रहेंगी, जिन्हें उनके अंगों से नया जीवन मिला है।

तीन और सात साल से डायलिसिस करा रहे थे मरीज


पहली किडनी महासमुंद जिले के बसना निवासी 46 वर्षीय मरीज को लगाई गई। वह डायबिटिक किडनी डिजीज से पीड़ित थे और पिछले तीन साल से नियमित डायलिसिस करा रहे थे।

दूसरी किडनी धमतरी निवासी 39 वर्षीय मरीज को प्रत्यारोपित की गई। वह अंतिम अवस्था के गुर्दा रोग से पीड़ित थे और पिछले सात साल से डायलिसिस पर निर्भर थे। दोनों मरीजों के पास प्रत्यारोपण के लिए कोई उपयुक्त जीवित किडनी दाता नहीं था।

दो अस्पतालों की टीम ने मिलकर किया प्रत्यारोपण

अंगदान की प्रक्रिया में रामकृष्ण केयर अस्पताल की चिकित्सा और प्रत्यारोपण समन्वय टीम की अहम भूमिका रही। अस्पताल में जितेंद्र के इलाज, ब्रेन डेथ की प्रक्रिया और अंगदान से जुड़ी व्यवस्थाओं का समन्वय किया गया।

इसमें अस्पताल के निदेशक डॉ. संदीप दवे, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. संतोष कुमार सिंह, न्यूरोसर्जन डॉ. एस.एन. मंधारिया, क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ डॉ. राकेश अग्रवाल और ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर उमाशंकर मिश्रा शामिल रहे।

एम्स रायपुर में यूरोलॉजी विभाग की टीम का नेतृत्व डॉ. अमित आर. शर्मा ने किया। टीम में डॉ. दीपक बिस्वाल, डॉ. सत्यदेव शर्मा और डॉ. राघवेंद्र शामिल रहे। नेफ्रोलॉजी विभाग से डॉ. विनय राठौर और एनेस्थीसियोलॉजी विभाग से डॉ. सुब्रत सिंघा व डॉ. मयंक कुमार ने सेवाएं दीं।

ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर विसोक और अम्बे पटेल ने दोनों अस्पतालों के बीच समन्वय किया। दोनों किडनी के प्रत्यारोपण की प्रक्रिया पूरी करने में 12 घंटे से अधिक का समय लगा।

SOTTO ने किया अंग आवंटन और समन्वय

SOTTO छत्तीसगढ़ ने तय नीति के अनुसार दोनों किडनी के आवंटन और अंगदान से जुड़ी संस्थागत प्रक्रियाओं का समन्वय किया। इसमें संयुक्त संचालक डॉ. वरुण अग्रवाल और IEC मीडिया कंसल्टेंट एवं स्टेट कोऑर्डिनेटर गीतिका ब्रम्हभट्ट त्रिपाठी की भूमिका रही।

लोगों से अंगदान का संकल्प लेने की अपील की

SOTTO ने जितेंद्र के परिवार के फैसले के प्रति आभार जताया। संगठन ने कहा कि अपने प्रियजन को खोने के दुख के बीच परिवार ने जो निर्णय लिया, उससे दो मरीजों को नया जीवन मिला है।

संगठन के मुताबिक, ब्रेन डेथ एक विधिक रूप से मान्यता प्राप्त चिकित्सकीय स्थिति है। निर्धारित चिकित्सा और कानूनी प्रक्रिया के तहत ब्रेन डेड व्यक्ति के उपयुक्त अंग दान किए जा सकते हैं। एक मृतक अंगदाता के अंग कई जरूरतमंद लोगों के काम आ सकते हैं।

आम नागरिकों से अंगदान के महत्व को समझने, इसके प्रति जागरूक होने और अंगदान का संकल्प लेने की अपील की है।

एक टिप्पणी भेजें

यहां टिप्पणी दर्ज करें

और नया पुराने