खिसोरा और बुडेनी सहित गांवों में निकली भव्य झांकियां, पारंपरिक गीत-संगीत के बीच बाला तालाब में हुआ गौरी-गौरा का विसर्जन,
नवभारत रिपोर्टर । मगरलोड।
मगरलोड, खिसोरा, बुडेनी सहित पूरे अंचल में गौरी-गौरा महापर्व श्रद्धा, उल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। गांव-गांव में भगवान शिव और माता पार्वती के स्वरूप गौरी-गौरा की पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान गलियों में भव्य झांकियां निकाली गईं। ढोल-निशाद की थाप, पारंपरिक लोकगीतों और गौरी-गौरा के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। गौरव ग्राम खिसोरा में रविवार को निकली भव्य झांकी आकर्षण का केंद्र रही, वहीं मंगलवार को बाला तालाब में विधिविधान से पूजा-अर्चना के बाद गौरी-गौरा का भावपूर्ण विसर्जन किया गया। गौरव ग्राम खिसोरा में इस वर्ष गौरी-गौरा महापर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। पर्व के अवसर पर गांव के लोगों ने सामूहिक सहभागिता के साथ धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया। रविवार को गौरी-गौरा की आकर्षक झांकी निकाली गई, जो गांव की विभिन्न गलियों और चौक-चौराहों से होकर गुजरी। झांकी के आगे-आगे निशाद वादक पारंपरिक धुन बजाते हुए चल रहे थे। उनके पीछे महिलाएं, युवा, बच्चे और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए। गौरी-गौरा का पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार फूलों, हल्दी, कुमकुम और आकर्षक श्रृंगार से सजावट की गई थी। झांकी के गांव में पहुंचने पर घरों से महिलाएं आरती की थाली लेकर बाहर निकलीं और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। जगह-जगह फूलों से स्वागत किया गया। युवाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में लोकनृत्य प्रस्तुत कर आयोजन की रौनक बढ़ाई। गांव के चौक-चौराहों पर झांकी के रुकने के दौरान लोकगीतों की प्रस्तुति हुई और सुवा नृत्य के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति की झलक देखने को मिली।
लोकपरंपरा और सामूहिक एकता का प्रतीक गौरी-गौरा पर्व छत्तीसगढ़ की प्राचीन लोकपरंपराओं में विशेष स्थान रखता है। इसमें माता गौरी को मां पार्वती तथा गौरा को भगवान शिव के स्वरूप में पूजने की परंपरा है। ग्रामीण मान्यताओं के अनुसार गौरी-गौरा की पूजा से परिवार में सुख-समृद्धि, अच्छी फसल और गांव में खुशहाली आती है। यही कारण है कि इस पर्व में ग्रामीणों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। खिसोरा में यह परंपरा पीढ़ियों से चली आ रही है। गांव के बुजुर्गों के अनुसार पहले भी इसी तरह सामूहिक रूप से झांकी निकाली जाती थी और पूरा गांव एकजुट होकर पर्व मनाता था। समय के साथ आयोजन के स्वरूप में बदलाव जरूर आया है, लेकिन आस्था और उत्साह आज भी बरकरार है। महिलाएं पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं, वहीं युवा पीढ़ी विदाई के बाद अगले वर्ष फिर जुटने का लिया गया संकल्प गौरी-गौरा महापर्व के अंतिम चरण में मंगलवार को बाला तालाब में विसर्जन का आयोजन किया गया। विधिविधान से पूजा-अर्चना और आरती के बाद गौरी-गौरा को विसर्जन यात्रा के साथ तालाब तक ले जाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। ढोल-निशाद की धुन और पारंपरिक गीतों के बीच श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए विसर्जन स्थल पहुंचे। बाला तालाब में विशेष पूजा-अर्चना की गई। नारियल, फूल, अक्षत अर्पित कर आरती उतारी गई और इसके बाद भावपूर्ण वातावरण में गौरी-गौरा का विसर्जन किया गया। विदाई के इस क्षण में श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष फिर से इसी उत्साह और श्रद्धा के साथ महापर्व मनाने की कामना की। विसर्जन के बाद ग्रामीणों ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं और प्रसाद वितरण किया। गौरी-गौरा महापर्व के आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और पारंपरिक मान्यताएं आज भी ग्रामीण जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। मगरलोड, भेण्डरी, खिसोरा और बुडेनी सहित पूरे अंचल में उमड़ा जनसैलाब इस बात का प्रमाण रहा कि आधुनिकता के दौर में भी ग्रामीण समाज अपनी परंपराओं, आस्था और सामूहिक एकता को पूरी जीवंतता के साथ संजोए हुए।
पारंपरिक आयोजनों में भागीदारी कर अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ रही है।