(The Magarlod News)। नगर पंचायत मगरलोड भैंसमुडी में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर पक्का कांप्लेक्स निर्माण कार्य जोरों से चल रहा है। दुकान सामने, सड़क किनारे निकाय से बिना अनुमति लिए पक्का दुकान बनाने को होड़ लग गई है। नगरीय निकाय के अधिकारी कर्मचारी, जनप्रतिनिधि की मौन स्वीकृति से अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं। नगर के युवाओं ने
जनहित पर चिंता कर अतिशीघ्र अतिक्रमण हटाने तहसीलदार को लिखित आवेदन किया है।
युवाओं में तिलक, कृपा राम साहू, शैलेंद्र राव, छत्रपाल साहू, चंद्रजीत चौहान, वीरेंद्र साहू, लोकेश साहू, गोपाल सिन्हा, अभिषेक निर्मलकर, संतोष राजपूत ने लिखित आवेदन में बताया कि नगर की शासकीय भूमि, सड़क किनारे, तहसील कार्यालय के सामने पक्का
कांप्लेक्स बनाकर दुकान संचालित कर रहे हैं। उक्त स्थल से पूर्व में तहसीलदार ने अतिक्रमण हटाने की कारवाई की थी। उसी स्थान पर पुनःि पक्का कांप्लेक्स निर्माण किया गया है। शासकीय आदेश एवं कार्रवाई का उल्लंघन कर प्रशासन को ठेंगा दिखाने का कार्य किया जा रहा है। नगरीय निकाय क्षेत्र अंतर्गत भवन एवं दुकान निर्माण के पूर्व निकाय कार्यालय से अनुमति लेना अनिवार्य है। नगर पंचायत क्षेत्र में अतिक्रमण करने की बाढ़ आ गई है। मकान, दुकान निर्माण के लिए अनुमति नहीं लेने से नगर पंचायत को लाखों रुपए का आर्थिक राजस्व नुकसान हो रहा है। नगर के युवाओं ने अतिशीघ्र अतिक्रमण पर उचित कार्रवाई करने शासन प्रशासन से मांग की है। समय पर उचित कार्रवाई नहीं होने पर धरना प्रदर्शन कर आंदोलन करने की बात कही है।