गरियाबंद से दुखद खबर: पांडुका में लापता 7 वर्षीय मासूम का शव नहर में मिला, परिवार में पसरा मातम


गरियाबंद। पांडुका थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। तीज पर्व मनाने के लिए रायपुर से अपने नाना के घर आए 7 वर्षीय मासूम अर्पित यादव का शव आज नहर में मिला। दो दिन से लापता बच्चे की तलाश में जुटे परिजनों और पुलिस को आज यह दुखद खबर मिली।

मिली जानकारी के अनुसार, अर्पित यादव 26 अगस्त की शाम खेलते-खेलते घर के गेट से बाहर निकल गया था, जिसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। काफी खोजबीन के बाद जब परिजन उसे नहीं ढूंढ पाए तो रात 8 बजे बच्चे के नाना ने पांडुका थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पुलिस और परिजन लगातार बच्चे की तलाश में जुटे रहे। 27 अगस्त को पुलिस ने नहर में भी तलाशी अभियान चलाया लेकिन सफलता नहीं मिली। आखिरकार आज सुबह रेस्क्यू टीम ने पुनः तलाशी अभियान चलाया, जिसके दौरान बच्चे का शव नहर से लगभग 1 किलोमीटर की दूरी पर मिला।

पांडुका थाना प्रभारी कृष्ण कुमार जांगड़े ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

इस हादसे से बच्चे के परिवार सहित पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। अर्पित अपनी मां के साथ तीज पर्व मनाने आया था, लेकिन त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं। तीजा जैसे पर्व पर हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।

एक टिप्पणी भेजें

यहां टिप्पणी दर्ज करें

और नया पुराने