CG News: रायपुर में 1.29 करोड़ रुपए की चांदी की लूट की कहानी ने सबको चौंका दिया था। लेकिन जब पुलिस ने सच्चाई सामने लाई, तो पता चला कि ये पूरा मामला एक झूठी कहानी थी। कारोबारी राहुल गोयल ने खुद इस फर्जी लूट की साजिश रची थी। वजह थी—सट्टे में गंवाई गई बड़ी रकम!
राहुल चांदी का ब्रोकर है और आगरा से चांदी के जेवर का ऑर्डर लेकर रायपुर में सप्लाई करता था। इसके एवज में उसे प्रति किलो पर कमीशन मिलता था। दिवाली के लिए वह करीब 200 किलो चांदी लेकर रायपुर आया था। इसमें से 100 किलो चांदी वापस आगरा भेज दी, 14 किलो बिक चुकी थी और 86 किलो का ऑर्डर बाकी था।
सट्टे में भारी रकम डूबने के बाद राहुल ने सोचा कि झूठी लूट की कहानी गढ़कर कंपनी को भुगतान से बच जाएगा। उसने पुलिस के सामने कहानी गढ़ी कि शुक्रवार रात 3 बजे कुछ नकाबपोश बदमाश उसके घर में घुस आए। एक ने कट्टा तान दिया, दूसरे ने चाकू से हमला किया और उसे रूमाल से बेहोश कर दिया।
सुबह जब उसकी आंख खुली, तो हाथ-पैर बंधे हुए थे और घर से 86 किलो चांदी गायब थी। उसने दावा किया कि लुटेरे रस्सी के सहारे बालकनी से भाग निकले और DVR भी साथ ले गए।
लेकिन पुलिस ने घटनास्थल की जांच की, तो पूरा झूठ बेनकाब हो गया। CCTV और मोबाइल रिकॉर्डिंग में ऐसा कोई वारदात का सबूत नहीं मिला।
अब राहुल गोयल का झूठा नाटक न सिर्फ उजागर हुआ, बल्कि यह सबक भी दे गया कि तकनीक के इस दौर में फर्जी कहानी रचकर कोई भी सच से नहीं बच सकता।

0 टिप्पणियाँ
यहां टिप्पणी दर्ज करें